*विधायक बेहड़ ने 1.82 करोड़ के विकास कार्यों का किया शिलान्यास और लोकार्पण* *कनकपुर, प्रतापपुर कॉलोनी, प्रतापपुर और इन्द्रपुर में ग्रामीणों से किया संवाद, बोले- पांच साल में क्षेत्र में हुआ अभूतपूर्व विकास*

### *विधायक बेहड़ ने 1.82 करोड़ के विकास कार्यों का किया शिलान्यास और लोकार्पण*

 

*कनकपुर, प्रतापपुर कॉलोनी, प्रतापपुर और इन्द्रपुर में ग्रामीणों से किया संवाद, बोले- पांच साल में क्षेत्र में हुआ अभूतपूर्व विकास*

 

किच्छा। ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तहत गुरुवार को विधायक तिलक राज बेहड़ ने कनकपुर, प्रतापपुर कॉलोनी, प्रतापपुर और इन्द्रपुर समेत विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने 1 करोड़ 64 लाख 84 हजार रुपये की लागत से बनने वाली तीन सड़कों का शिलान्यास तथा 17 लाख 31 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए छह विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कुल 1 करोड़ 82 लाख 15 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिलने से क्षेत्र में विकास को गति देने का प्रयास किया गया।

 

कनकपुर में 86.76 लाख रुपये की लागत से 700 मीटर आंतरिक मार्ग तथा शक्ति मंडल के घर से अनिल कुमार के घर तक 600 मीटर मोटर मार्ग का 40.49 लाख रुपये की लागत से निर्माण कराया जाएगा। वहीं प्रतापपुर में लिंक मार्ग से प्रताप कटिंग तक 1.35 किलोमीटर सड़क का निर्माण 37.59 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। विधायक ने इन तीनों सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।

 

इसके अलावा कनकपुर मंदिर में 1.70 लाख रुपये की लागत से टाइल्स लगाने, प्रतापपुर कॉलोनी में 1.65 लाख रुपये से वाटर कूलर स्थापित करने, इन्द्रपुर मंदिर के समीप पांच लाख रुपये से टीन शेड बनाने, प्रतापपुर कॉलोनी में लिंक रोड से स्कूल तक 3.85 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, उपकेंद्र प्रतापपुर में 3.11 लाख रुपये से फर्श ऊंचा करने तथा प्रतापपुर मंदिर में दो लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।

 

कार्यक्रम में विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र में जितना विकास हुआ है, उतना पहले कभी नहीं हुआ। सड़क, मंदिर, गुरुद्वारा, छठ घाट और कॉलोनियों के विकास के लिए लगातार बजट उपलब्ध कराया गया है। मंदिरों में पहले चरण के निर्माण के बाद दूसरे चरण के कार्यों के लिए भी धनराशि उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में उन्होंने कोई कमी नहीं छोड़ी और हर संभव कार्य को पूरा कराने का प्रयास किया।

 

बेहड़ ने कहा कि विधायक बनने के बाद सबसे पहले क्षेत्र को हॉटमिक्स सड़कों की सौगात दी गई। गंगापुर से रुद्रपुर और लालपुर की ओर सड़क निर्माण कराया गया। एक बड़े गड्ढे की समस्या के समाधान के लिए अपने बजट से दो करोड़ रुपये की धनराशि भी उपलब्ध कराई गई। उन्होंने पूर्व के दस वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की पूर्वी बेल्ट में अपेक्षित विकास नहीं हुआ, जबकि पिछले पांच वर्षों में व्यापक स्तर पर विकास कार्य कराए गए हैं।

 

नगरपालिका किच्छा का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि जनता काम करने वाले जनप्रतिनिधियों को चुनती है। राजेश प्रताप सिंह को नगरपालिका अध्यक्ष बनाने के पीछे भी जनता की यही अपेक्षा है कि नगर में विकास कार्य होंगे। उन्होंने कहा कि तीन वर्षों तक नगरपालिका प्रशासन के अधीन रही, लेकिन अपेक्षित विकास नहीं हो पाया। अब जनप्रतिनिधि के आने के बाद विकास कार्य शुरू हुए हैं। जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरे।

 

आगामी विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए बेहड़ ने कहा कि यदि जनता उन्हें दोबारा सेवा का अवसर देती है तो अगले पांच वर्षों तक भी गांवों में विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से आगामी चुनाव में पिछली बार से अधिक समर्थन देने की अपील की।

 

उन्होंने बिना नाम लिए कुछ लोगों द्वारा खुद को विधायक के रूप में प्रचारित करने और जगह-जगह फ्लेक्स लगाने पर भी तंज कसा। कहा कि कुछ लोग बिना चुनाव लड़े ही खुद को विधायक घोषित कर रहे हैं, लेकिन लोकतंत्र में जनता काम देखती है और उसी के आधार पर अपना जनप्रतिनिधि चुनती है।

 

इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष गुलशन सिंधी, विजय यादव, मेजर सिंह, गुरुदास कालरा, बंटी गाबा, वे छाबड़ा, मुन्ना तिवारी, देवेंद्र साईं, सरवन भगत, शिवाजी सिंह, दिनेश कुमार, अशोक चुघ, अनिल कुमार, सत्येंद्र गौतम सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement