*एशियन वोविनाम चैंपियनशिप में उत्तराखंड के पांच खिलाड़ी करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, भारत भूषण चुघ ने बबीता का बढ़ाया हौसला*

### एशियन वोविनाम चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी रुद्रपुर की बबीता अधिकारी

 

कंबोडिया में 24 से 30 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में उत्तराखंड के पांच खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा

 

रुद्रपुर। रुद्रपुर की होनहार खिलाड़ी बबीता अधिकारी 24 से 30 नवंबर तक कंबोडिया के नोम पेन्ह में आयोजित होने वाली छठी एशियन वोविनाम चैंपियनशिप में भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। ऋषि मार्शल आर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी बबीता के अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर रुद्रपुर सहित ऊधम सिंह नगर जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।

 

बबीता ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर भारतीय टीम में स्थान बनाया है। उनकी इस उपलब्धि के पीछे वर्षों का अभ्यास, परिवार का सहयोग और प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन रहा है। इस अवसर पर समाजसेवी एवं भाजपा नेता भारत भूषण चुघ ने बबीता अधिकारी और उनके प्रशिक्षकों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

भारत भूषण चुघ ने कहा कि बबीता ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से साबित किया है कि हौसलों के बल पर सपनों को साकार किया जा सकता है। उन्होंने रुद्रपुर और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उन्हें विश्वास है कि बबीता कंबोडिया में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतेंगी। उन्होंने खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। चुघ ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर पूरे आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ उतरने तथा स्वर्ण पदक जीतकर लौटने का आह्वान किया है।

 

इस दौरान वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष एवं कोच ऋषिपाल भारती को सम्मानित किया गया। ऋषिपाल भारती ने कहा कि बबीता ने दिन-रात मेहनत कर अपनी प्रतिभा को निखारा है। वह नियमित रूप से अभ्यास करती हैं। वोविनाम खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और उन्हें पूरा विश्वास है कि बबीता अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर पदक हासिल करेंगी तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

 

उन्होंने बताया कि भारतीय टीम वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, महासचिव शंकर महाबले और तकनीकी निदेशक देवन मोइरेंगथेम के नेतृत्व में कंबोडिया के लिए रवाना होगी। उत्तराखंड के पांच खिलाड़ी भारतीय टीम में शामिल हैं। इनमें ऊधम सिंह नगर जिले की बबीता अधिकारी, तेजस्विनी और हर्षित कुमार, नैनीताल के सागर सिंह अधिकारी तथा हरिद्वार के अजय शर्मा शामिल हैं।

 

इस अवसर पर महेश ढींगरा, सुरेंद्र कालरा, सुरेश गांधी, जगन ढींगरा, महेश कालरा, चंद्र कटारिया, कोमल ढींगरा, ऊषा गांधी, नीलम कटारिया, अंजू कटारिया, सीमा गांधी, विजय अरोरा, उत्तरांचल ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. डीके सिंह, जिला खेल अधिकारी जानकी कार्की, वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के तकनीकी निदेशक एवं उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत, महासचिव विनोद लखेरा, कोषाध्यक्ष हिमा भट्ट, क्षितिज सिंह, रूनू शर्मा और गंगा मेहरा सहित खेल प्रेमियों, समाजसेवियों एवं अभिभावकों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement