### *नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे को भावभीनी विदाई, कार्यकाल की उपलब्धियों को सराहा*
*नगर निगम सभागार में आयोजित समारोह में महापौर, पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया सम्मानित*
रुद्रपुर। नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे का नैनीताल स्थानांतरण होने पर नगर निगम सभागार में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान महापौर विकास शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, पार्षदों, महिला स्वयं सहायता समूहों, पार्षद संघ और सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने उनके कार्यकाल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए सम्मानित किया और भावभीनी विदाई दी।
पीसीएस अधिकारी शिप्रा जोशी पाण्डे का रुद्रपुर नगर निगम में लगभग साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल रहा। उन्होंने वर्ष 2023 में उपनगर आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाला था और 16 अक्टूबर 2025 को नगर आयुक्त पद पर पदोन्नत हुईं। उनके कार्यकाल में नगर निगम ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा, नगर विकास और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। हाल ही में स्वच्छता सर्वेक्षण में रुद्रपुर नगर निगम को हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान मिलने के साथ सुंदरलाल बहुगुणा पुरस्कार और स्कॉच अवार्ड सहित कई सम्मान प्राप्त हुए।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शिप्रा जोशी पाण्डे कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार, संवेदनशील और जिम्मेदार अधिकारी हैं। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों को गंभीरता, पारदर्शिता और समर्पण के साथ आगे बढ़ाया। नगर निगम जैसे बहुआयामी संस्थान में रोजाना नई चुनौतियां सामने आती हैं, लेकिन उन्होंने अपनी कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना से उनका प्रभावी ढंग से सामना किया। उनके कार्यकाल में निगम की उपलब्धियों ने शहर की पहचान और प्रतिष्ठा को प्रदेश के साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूती प्रदान की।
महापौर ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान हासिल करना पूरे रुद्रपुर के लिए गौरव की उपलब्धि है। यह सम्मान नगर निगम की कार्यप्रणाली, अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत, स्वच्छता के प्रति जागरूकता और शहरवासियों की सहभागिता का परिणाम है। शिप्रा जोशी पाण्डे के मार्गदर्शन में नगर निगम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया। सुंदरलाल बहुगुणा पुरस्कार और स्कॉच अवार्ड भी निगम के कार्यों की गुणवत्ता और कार्यक्षमता को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि शिप्रा जोशी पाण्डे का कार्यकाल नगर निगम के इतिहास में यादगार रहेगा। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर टीम भावना से काम किया। उनकी सादगी, व्यवहार कुशलता, अनुशासन और कार्यों के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायी रहा। उन्होंने विश्वास जताया कि नैनीताल में भी शिप्रा जोशी पाण्डे अपनी कार्यक्षमता, सकारात्मक सोच और कर्तव्यनिष्ठा से नई उपलब्धियां हासिल करेंगी। महापौर ने उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रुद्रपुर नगर निगम परिवार से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा।
विदाई समारोह में शिप्रा जोशी पाण्डे भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में बिताया गया लगभग साढ़े तीन वर्ष का समय उनके लिए बेहद यादगार रहा। इस दौरान महापौर, पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और निगम से जुड़े सभी लोगों का भरपूर सहयोग मिला। स्वच्छता सर्वेक्षण में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान हासिल करना पूरे निगम परिवार की सामूहिक मेहनत और समर्पण का परिणाम है। इसका श्रेय किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरी टीम को जाता है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम में कार्य करना अन्य विभागों की तुलना में व्यापक और अलग अनुभव है। यहां राजस्व, निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जनकल्याण, शहरी विकास और जनसमस्याओं के समाधान जैसे अनेक कार्य एक साथ संचालित होते हैं। नगर निगम में काम करने से प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ समाज और शहर की जरूरतों को करीब से समझने का अवसर मिलता है। रुद्रपुर में मिला अनुभव उनके आगामी कार्यकाल में भी उपयोगी रहेगा। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां बिताया समय और लोगों का सहयोग हमेशा उनकी स्मृतियों में रहेगा।
समारोह का संचालन मनोज कर्नाटक ने किया। इस अवसर पर पार्षद संघ अध्यक्ष राजेश जग्गा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी पीयूष रंजन, राजू नवियाल, पार्षद चिराग कालरा, महेंद्र शर्मा, वीनू, शुभम कुमार, परवेज आलम, सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, कमल तिवारी, प्रशांत जौहरी, हेमंत, आशीष, कुलदीप, विनोद कुमार, महेश पाण्डे, मुकेश राजौरिया, सुनील वाल्मीकि, मनोज, उमेद, शिखर ओझा, शुभम, ममता आर्या, रेनू शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, पार्षद और अन्य लोग मौजूद रहे।



