*उत्तराखंड में वर्दीधारी सिपाही के 1694 पदों पर भर्ती, 25 नवंबर से होंगे ऑनलाइन आवेदन*
*पुलिस, पीएसी, वन आरक्षी समेत 11 श्रेणियों में होगी नियुक्ति, चार अप्रैल 2027 को प्रस्तावित है लिखित परीक्षा*
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने विभिन्न विभागों में वर्दीधारी सिपाही (समूह-ग) के 1694 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग ने पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू होगी और 25 दिसंबर 2026 तक चलेगी।
इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। भर्ती के तहत उत्तराखंड आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) के 464, पीएसी-आईआरबी के 284, जनपदीय पुलिस (महिला) के 238 और फायरमैन के 201 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा वन आरक्षी के 171, स्पेशल टाइगर गार्ड के 75, बंदीरक्षक के 117, महिला बंदीरक्षक के 27, सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन आरक्षी के 18 पद शामिल हैं।
आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को हाईस्कूल प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की प्रति तथा लागू होने पर आरक्षण श्रेणी और पर्वतीय क्षेत्र से संबंधित प्रमाणपत्र अपलोड करने होंगे। आवेदन पत्र में संशोधन के लिए 28 से 30 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। आयोग ने लिखित प्रतियोगी परीक्षा की संभावित तिथि चार अप्रैल 2027 तय की है।
दो चरणों में पूरी होगी भर्ती प्रक्रिया
आयोग के अध्यक्ष जीएस मार्तोलिया के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी। पहले चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को ही दूसरे चरण की लिखित परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। दूसरे चरण में 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा ऑफलाइन माध्यम से होगी। अंतिम चयन निर्धारित भर्ती नियमावली और चयन प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा।
पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग मानक
शारीरिक दक्षता परीक्षा में अभ्यर्थियों को निर्धारित शारीरिक मापदंड पूरे करने होंगे। इसमें लंबाई, पुरुष अभ्यर्थियों के लिए लागू पदों पर सीने की माप तथा शारीरिक दक्षता से संबंधित परीक्षण शामिल होंगे। पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग मानक निर्धारित किए जाएंगे। संबंधित पदों की भर्ती नियमावली के अनुसार इन मापदंडों का पालन अनिवार्य होगा।



