*ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा, गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, आठ की मौत*
*20 यात्रियों को घायल अवस्था में निकाला गया, पुलिस और एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी*
ऋषिकेश। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गूलर बाजार के समीप यात्रियों से भरी विश्वनाथ सेवा की बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक आठ यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 यात्रियों को घायल अवस्था में बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई थी। गूलर बाजार के पास पहुंचते ही चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस पुल से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि दुर्घटना में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छह यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल ने ऋषिकेश एम्स ले जाते समय दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि चार शव बरामद कर लिए गए थे, जबकि अन्य शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा था।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें मौके पर पहुंच गईं और बचाव कार्य शुरू कर दिया। अब तक 20 घायलों को बस से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें से 19 घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों को ऋषिकेश के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गई हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य चला रही हैं। गहरी खाई और दुर्गम स्थान होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल लापता यात्रियों की तलाश और घायलों को सुरक्षित निकालने का कार्य जारी है।
हादसे में घायल यात्रियों की सूची
1. मोहम्मद वहाब अंसारी (22), निवासी छैलापाता, जिला दुमका, झारखंड।
2. राहुल कुमार (24), निवासी ट्रकुल अपार्टमेंट, पटना, बिहार।
3. अभिषेक (28), निवासी मोहल्ला नत्था सिंह, जसपुर, ऊधमसिंह नगर।
4. प्रत्यूष (23), निवासी बुढ़ाकेशी, खटीमा, ऊधमसिंह नगर।
5. अर्जुन सौरन (34), निवासी सीलीबुना, जिला दुमका, झारखंड।
6. बुधन मुर्मू (50), निवासी ढोडिया, जिला दुमका, झारखंड।
7. आयरा (3), निवासी गुवाहाटी, असम।
8. नूर जहां (26), निवासी गुवाहाटी, असम।
9. राजकुमार (32), निवासी उपर मजियारा, जिला दुमका, झारखंड।
10. जतिन (21), निवासी डीडीए क्वार्टर, शाहदरा, दिल्ली।
11. पंकज नेगी (31), निवासी धौलतीर, रुद्रप्रयाग।
12. संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद, बिहार।
13. वीरेंद्र सिंह (58), निवासी हैरन, कर्णप्रयाग, चमोली।



