*जेसीज पब्लिक स्कूल ने जीत की हैट्रिक लगाई, तीनों विधाओं में प्रथम स्थान हासिल कर बना ओवरऑल विजेता* *रीजनल लेवल राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में हिंदी, संस्कृत और लोकगीत वर्ग में लहराया परचम, अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा*

*जेसीज पब्लिक स्कूल ने जीत की हैट्रिक लगाई, तीनों विधाओं में प्रथम स्थान हासिल कर बना ओवरऑल विजेता*

 

*रीजनल लेवल राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में हिंदी, संस्कृत और लोकगीत वर्ग में लहराया परचम, अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा*

 

रुद्रपुर। जेसीज पब्लिक स्कूल ने रीजनल लेवल राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत की हैट्रिक लगाई। विद्यालय की टीम ने हिंदी, संस्कृत और लोकगीत समूहगान की तीनों विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ ओवरऑल विजेता का खिताब भी अपने नाम किया।

 

भारत विकास परिषद, रुहेलखंड पश्चिम प्रांत की ओर से रविवार, 15 नवंबर को तीर्थंकर महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, मुरादाबाद में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें गाजियाबाद, मेरठ, आगरा और ऊधम सिंह नगर समेत विभिन्न जिलों के विद्यालयों की आठ टीमों ने प्रतिभाग किया।

 

प्रतियोगिता में जेसीज पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ध्रुव वैष्णव (कक्षा 10), रिदिमा कोहली (कक्षा 11), सई वैभव जोशी (कक्षा 9), आयुष्मान चौबे (कक्षा 7), हिमानी मल्लिक (कक्षा 8), मौलिक मदान (कक्षा 6) और आराध्या सक्सेना (कक्षा 7) ने अपनी मधुर आवाज, बेहतर तालमेल और प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संगीत परंपरा और भाषायी विविधता की सुंदर झलक पेश की। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में भुवन भट्ट, डॉ. पुनीत गोस्वामी और सुनील अधिकारी शामिल रहे।

 

अब विद्यालय की टीमें 29 नवंबर को नोएडा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। तीनों विधाओं में प्रथम स्थान के साथ ओवरऑल विजेता बनने पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

 

विद्यालय के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, संगीत के प्रति समर्पण और प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए टीम को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के निदेशक, प्रधानाचार्य, सेक्शन हेड्स और शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

 

उल्लेखनीय है कि भारत विकास परिषद की समूहगान प्रतियोगिताओं में जेसीज पब्लिक स्कूल ने लगातार तीसरी बड़ी सफलता दर्ज करते हुए जीत की हैट्रिक बनाई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement