*खड़गे की कथित टिप्पणी के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, पुतला फूंका*
*भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं से देश की जनता से माफी मांगने की उठाई मांग*
रानीखेत रोड। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह खाती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खड़गे का पुतला दहन किया।
इस दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह खाती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के खिलाफ की गई कथित अशोभनीय टिप्पणी से भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं और उनके परिवार के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना निंदनीय है।
भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष एवं हिंदूवादी नेता मदन जोशी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी से राजनीतिक माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जनहित से जुड़े मुद्दे नहीं हैं, इसलिए उसके नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के माता-पिता को लेकर अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं।
मदन जोशी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की इस तरह की बयानबाजी से जनता में नाराजगी है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ सोनिया गांधी और राहुल गांधी से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस मामले में माफी नहीं मांगी गई तो कांग्रेस को राजनीतिक स्तर पर विरोध का सामना करना पड़ेगा।


