*विधायक शिव अरोरा ने किया बस स्टैंड रामलीला का शुभारंभ, श्रीराम के आदर्शों को बताया जीवन की प्रेरणा*
*रामलीला मंच के सौंदर्यीकरण के लिए कमेटी ने जताया आभार, हजारों श्रद्धालुओं के साथ देखा भव्य मंचन*
रुद्रपुर। शहर के बस स्टैंड के समीप आयोजित प्राचीन एवं प्रसिद्ध मुख्य रामलीला का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा ने प्रभु श्रीराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान रामलीला परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने रामलीला में पहुंचकर प्रभु श्रीराम की लीलाओं का आनंद लिया।
इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी श्री राम नाटक क्लब के पदाधिकारियों ने विधायक शिव अरोरा का अंगवस्त्र एवं राम दरबार भेंट कर स्वागत किया। कमेटी ने पिछले वर्ष विधायक निधि से रामलीला के मुख्य मंच का सौंदर्यीकरण कराए जाने पर उनका आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने कहा कि मंच के सौंदर्यीकरण से रामलीला की भव्यता बढ़ी है और श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण में भगवान श्रीराम की लीलाओं का दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर की प्राचीन रामलीला शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। यह आयोजन वर्षों से लोगों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मर्यादाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि वह प्रतिवर्ष रामलीला देखने आते हैं। कलाकारों द्वारा रामायण के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन दर्शकों को प्रभु श्रीराम के जीवन और उनके आदर्शों से जोड़ता है। रामलीला के माध्यम से सत्य, धर्म, त्याग, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश समाज तक पहुंचता है। भगवान श्रीराम का जीवन विपरीत परिस्थितियों में भी मर्यादा और धर्म का पालन करने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रासंगिक हैं।
विधायक ने रामलीला के सफल आयोजन के लिए कमेटी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी परंपरा को निरंतर बनाए रखना सामूहिक समर्पण और परिश्रम का परिणाम है। कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
इस दौरान विधायक शिव अरोरा ने हजारों श्रद्धालुओं के साथ रामलीला के भव्य मंचन का आनंद लिया। उन्होंने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आस्था, सद्भाव और आपसी एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने रुद्रपुर की इस गौरवशाली परंपरा को आगे भी भव्य रूप से जारी रखने की कामना की।
कार्यक्रम में कमेटी के सुशील गाबा, नरेश शर्मा, कोषाध्यक्ष अमित गंभीर, समाजसेवी राजकुमार खनिजो, राजीव चावला, विजय विर्मानी, सचिन मुंजाल, राजेश कामरा, उमेश पासरिचा, मनीष गगनेजा, संजीव कुमार, रामकिशन कनोजिया, हरीश अरोरा, वैभव ग्रोवर, मनोज मदान, सुनील यादव, मनोज मित्तल, राजेश अरोरा, विक्की घई, सुन्नी पासवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


