*दशहरा मेले की तैयारियों को लेकर महापौर ने किया श्रीराम पार्क का निरीक्षण*
*सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश, स्थायी पार्किंग विकसित करने की भी योजना*
रुद्रपुर। आगामी दशहरा पर्व को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में महापौर विकास शर्मा ने क्षेत्राधिकारी विभव सैनी और श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ श्रीराम पार्क (गांधी पार्क) का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रीराम पार्क में करीब 5.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण एवं विकास कार्य चल रहे हैं। निर्माण कार्य के बीच दशहरा मेले के आयोजन को लेकर श्री रामलीला कमेटी की चिंताओं को देखते हुए महापौर ने संबंधित ठेकेदार से वार्ता कर आयोजन से पहले जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में रविवार को उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर तैयारियों और साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि दशहरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि रुद्रपुर की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। लंबे समय से शहर में दशहरा पर्व का आयोजन इसी स्थल पर होता आ रहा है। ऐसे में आयोजन की भव्यता के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है। नगर निगम शुरू से ही श्री रामलीला कमेटी के साथ समन्वय बनाकर तैयारियों में सहयोग कर रहा है। पर्व के दौरान स्वच्छता समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्राधिकारी विभव सैनी और रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं के आवागमन और आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि किसी को असुविधा न हो।
त्योहारों पर यातायात व्यवस्था सुधारने की योजना
महापौर ने त्योहारों के दौरान शहर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए स्थायी पार्किंग विकसित करने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाईवे चौड़ीकरण के बाद सड़क के दोनों ओर उपलब्ध स्थानों का उपयोग पार्किंग के लिए करने की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है। त्रिशूल चौक से वेडिंग जोन और सिंचाई विभाग कार्यालय के बाहर तक उपलब्ध स्थानों को पार्किंग व्यवस्था से जोड़ने की योजना है। इसके अलावा जनता इंटर कॉलेज और सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास भी पार्किंग की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसका उद्देश्य बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव कम करना और दशहरा, दीपावली मेले समेत अन्य त्योहारों के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखना है।
दीपावली मेले और स्ट्रीट वेंडर्स के लिए भी होंगी व्यवस्थाएं
महापौर ने कहा कि दशहरा पर्व के बाद दीपावली मेले की तैयारियों पर भी ध्यान दिया जाएगा। त्योहारों के दौरान व्यापारिक गतिविधियों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए स्ट्रीट वेंडर्स के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को बेहतर स्वरूप देने के साथ शहर की व्यवस्थाओं को मजबूत करना नगर निगम की प्राथमिकता है।
भव्य स्वरूप में विकसित होगा श्रीराम पार्क
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में श्रीराम पार्क को सुंदर और आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पार्क के विकास का उद्देश्य इसे केवल आयोजन स्थल तक सीमित रखना नहीं, बल्कि ऐसा स्थान बनाना है, जहां लोगों को भगवान श्रीराम की आस्था और आदर्शों की अनुभूति हो सके। पार्क के अंतिम स्वरूप और इससे जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर की धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाएं शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती हैं। श्री रामलीला कमेटी, मंदिरों, गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर उनके आयोजनों और आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग किया जाएगा।
महापौर ने विश्वास जताया कि नगर निगम, पुलिस प्रशासन और श्री रामलीला कमेटी के संयुक्त प्रयासों से दशहरा पर्व भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि शहर की परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी विभव सैनी, बाजार चौकी प्रभारी अमित, नरेश शर्मा, सुशील गावा, अमित गंभीर, राजेश छाबड़ा, अमित अरोरा, बॉबी, विजय जग्गा, राकेश सुखीजा, राजकुमार खनिजो और गुरमीत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


