विश्व पर्यावरण दिवस पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने किया पौधारोपण
प्रत्येक बूथ पर पांच पौधे लगाने का दिलाया संकल्प
किच्छा, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूर्व विधायक Rajesh Shukla ने भाजपा किच्छा नगर मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के तहत छायादार एवं पर्यावरण संरक्षण में सहायक पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर राजेश शुक्ला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा संकल्प है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पृथ्वी पर संतुलित एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक ने भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी एक सप्ताह तक विशेष पौधारोपण अभियान चलाने के निर्देश देते हुए नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर न्यूनतम पांच पौधे लगाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी आवश्यक है, तभी अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि नगर मंडल के कार्यकर्ता एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाकर प्रत्येक बूथ पर पौधारोपण करेंगे तथा आमजन को भी इस अभियान से जोड़ेंगे।
ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मयंक तिवारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र बागवानी, संदीप अरोड़ा, देवेंद्र शर्मा, महेंद्र पाल, धर्मराज जायसवाल, धनीराम सागर, संदीप गोयल, प्रकाश पंत, मुकेश कोली, आकाश राठौर, किरन राठौड़, श्याम सुंदर बिष्ट, चंदन जायसवाल, मोहम्मद इमरान, रितिक कश्यप, विपिन जोशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







