*मंडी में किसानों के अनाज की तत्काल तौल कराने की मांग, राजेश शुक्ला ने डीएम को सौंपा ज्ञापन* *बेमौसमी बारिश से अनाज खराब होने की आशंका, जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश*

*मंडी में किसानों के अनाज की तत्काल तौल कराने की मांग, राजेश शुक्ला ने डीएम को सौंपा ज्ञापन*

 

*बेमौसमी बारिश से अनाज खराब होने की आशंका, जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश*

 

रुद्रपुर। मंडी परिसर में तौल के इंतजार में रखे किसानों के अनाज को बारिश से बचाने और उसकी तत्काल तौल कराने की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मंडी में रखे अनाज की शीघ्र तौल सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।

 

राजेश शुक्ला ने जिलाधिकारी को बताया कि बीते दिनों हुई बेमौसमी बारिश से किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों को राहत देने के लिए प्रयासरत है। फसल क्षति के अनुरूप मुआवजा देने की घोषणा के तहत प्रशासन भी आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।

 

उन्होंने कहा कि कई किसान फसल की कटाई के बाद अपना अनाज मंडी परिसर में पहुंचा चुके हैं, लेकिन समय पर तौल नहीं होने से अनाज खुले में पड़ा है। लगातार बारिश के कारण इसके खराब होने की आशंका बनी हुई है। यदि जल्द तौल नहीं हुई तो किसानों को दोहरी आर्थिक मार झेलनी पड़ सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित कर मंडी में रखे अनाज की तौल कराने की मांग की।

 

इस पर जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में बारिश से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मंडी परिसर में पहुंच चुके किसानों के अनाज की जल्द तौल कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा, ताकि किसानों को अनावश्यक आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

Advertisement
Advertisement
Advertisement