*रुद्रपुर में विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 11.50 करोड़ के 76 कार्यों के टेंडर जारी* *सड़कों, नालियों और पुलियों से लेकर धार्मिक स्थलों, पार्कों व सामुदायिक भवनों का होगा निर्माण व सौंदर्यीकरण* *महापौर विकास शर्मा बोले- नए विकास कार्यों से बदलेगी शहर की सूरत, बारिश के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी*

*रुद्रपुर में विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 11.50 करोड़ के 76 कार्यों के टेंडर जारी*

 

*सड़कों, नालियों और पुलियों से लेकर धार्मिक स्थलों, पार्कों व सामुदायिक भवनों का होगा निर्माण व सौंदर्यीकरण*

 

*महापौर विकास शर्मा बोले- नए विकास कार्यों से बदलेगी शहर की सूरत, बारिश के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी*

 

रुद्रपुर। शहर के विकास को गति देने के लिए नगर निगम ने 11.50 करोड़ रुपये की लागत से 76 विकास कार्यों के टेंडर जारी कर दिए हैं। इन कार्यों के तहत विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और पुलिया निर्माण के साथ धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, पार्कों का जीर्णोद्धार, सामुदायिक भवनों का निर्माण और सार्वजनिक स्थलों का विकास कराया जाएगा। इसके अलावा अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीनों को सुरक्षित रखने के लिए भी व्यवस्था की जाएगी। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से शहर में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से रुद्रपुर की सूरत बदलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

 

अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में महापौर ने बताया कि नगर निगम चरणबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। पहले चरण में 5.50 करोड़ रुपये की लागत से 56 कार्यों के टेंडर जारी किए गए थे। इसके बाद दूसरी बोर्ड बैठक के बाद करीब 10 करोड़ रुपये के 72 कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। वहीं, 10 करोड़ रुपये की लागत से हॉटमिक्स सड़कों के निर्माण के टेंडर भी किए जा चुके हैं। अब तीसरे चरण में 11.50 करोड़ रुपये के 76 कार्यों के टेंडर जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण कई कार्य शुरू नहीं हो पाए थे। मौसम अनुकूल होते ही निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी।

 

धार्मिक स्थलों और पार्कों का होगा कायाकल्प

 

महापौर ने बताया कि मुख्य बाजार स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण पर 24.55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बसंती माता मंदिर में नौ लाख रुपये की लागत से पत्थर लगाने का कार्य कराया जाएगा। काशीपुर बाईपास स्थित श्री गुरुद्वारा अमृतसागर डेरा भजनगढ़ के पास 12.16 लाख रुपये से भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा।

 

गंगापुर रोड स्थित गोल्ज्यू मंदिर और नीलकंठ धाम के पास क्रमशः 20.80 लाख और 23.42 लाख रुपये की लागत से दो सामुदायिक भवनों का निर्माण होगा। दूधिया बाबा छात्रावास में 22.78 लाख रुपये से टाइल लगाने का कार्य भी कराया जाएगा।

 

वार्ड नंबर 30 की इंदिरा कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान में 23.84 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। वार्ड नंबर 16 के देव होम्स एलीट में 9.50 लाख रुपये से सामुदायिक भवन का निर्माण होगा। इसी वार्ड के बगवाड़ा स्थित नंद विहार में पार्क की चारदीवारी और जोनल कार्यालय के निर्माण के लिए 24.38 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। वहीं, वार्ड नंबर 38 के आवास विकास स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह पार्क के जीर्णोद्धार पर 20.66 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

 

जल निकासी के बाद बनेगी रेनबो स्कूल वाली सड़क

 

महापौर ने रेनबो स्कूल वाली सड़क का जिक्र करते हुए कहा कि इसका निर्माण लंबे समय से लंबित है। यहां जल निकासी की समस्या के कारण सड़क निर्माण में बाधा आ रही है। पहले सड़क के एक ओर 9.35 लाख रुपये की लागत से नाले और पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद सड़क बनाई जाएगी, ताकि जलभराव के कारण सड़क दोबारा खराब न हो। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल सड़क बनाना नहीं, बल्कि निर्माण की गुणवत्ता और उसकी उपयोगिता सुनिश्चित करना भी है।

 

पुलिस लाइन की मुख्य सड़क के दोनों ओर टाइल लगाने और आकर्षक लाइटें लगाने के लिए 24.83 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। महापौर ने बताया कि एसएसपी अजय गणपति के आग्रह पर यह कार्य कराया जा रहा है। इससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ने के साथ प्रकाश व्यवस्था भी बेहतर होगी। लंबाखेड़ा स्थित गौशाला के पास मृत पशुओं के निस्तारण के लिए चिन्हित स्थल पर 11.85 लाख रुपये से प्रीकास्ट वॉल बनाई जाएगी।

 

डीडी चौक पर बनेगा भव्य डमरू चौक

 

शहर के प्रमुख चौराहों को आकर्षक स्वरूप देने की योजना के तहत डीडी चौक पर 24.75 लाख रुपये की लागत से भव्य डमरू चौक बनाया जाएगा। महापौर ने बताया कि परियोजना का भूमिपूजन पहले ही किया जा चुका है। त्रिशूल चौक की तर्ज पर डीडी चौक को भी विकसित किया जाएगा। इसके अलावा अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीनों को दोबारा कब्जे से बचाने के लिए 24.66 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। इन स्थानों पर व्यू कटर लगाए जाएंगे, जिससे जमीनों को सुरक्षित रखा जा सके।

 

विभिन्न वार्डों में भी होंगे निर्माण कार्य

 

वार्ड नंबर एक की ज्येष्ठा कॉलोनी में रोहित भट्ट के घर से मुकेश के घर तक 17.67 लाख रुपये से सीसी सड़क बनाई जाएगी। इसी वार्ड में तीनपानी डामर रोड और मार्ट के पास नेशनल स्कूल वाली गली में मिट्टी भरान तथा सीसी सड़क निर्माण पर 4.36 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शांति कॉलोनी की विभिन्न सड़कों पर 18.40 लाख रुपये की लागत से जीएसबी डाली जाएगी।

 

महापौर ने बताया कि अन्य वार्डों में भी सड़क, नाली और पुलिया निर्माण के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। इन कार्यों से लोगों को आवागमन और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलेगी।

 

डिजिटल लाइब्रेरी और प्रमुख सड़कों पर भी काम

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि उनके द्वारा की गई घोषणाओं को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि वह ऐसी किसी घोषणा का उदाहरण सामने रखे, जिसे उन्होंने किया हो और पूरा न कराया गया हो। उन्होंने कहा कि अब विकास कार्यों को केवल घोषणाओं तक सीमित रखने के बजाय धरातल पर उतारा जा रहा है।

 

उन्होंने बताया कि शहर में डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कार्य भी चल रहा है। इसके लिए सीएसआर फंड से 60 लाख रुपये की सहायता मिली है। इससे विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

 

महापौर के अनुसार, गंगापुर रोड के चौड़ीकरण का शासनादेश जारी हो चुका है, जबकि भूरारानी रोड के लिए शासनादेश जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक सड़क निर्माण से संबंधित प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। इन सड़कों के विकास से शहर में आवागमन बेहतर होगा।

 

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार और नगर निगम के समन्वय से रुद्रपुर में विकास कार्यों को गति मिल रही है। बारिश के कारण प्रभावित कार्यों को मौसम साफ होने के बाद तेजी से पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से और गुणवत्ता के साथ पूरा कराना है, ताकि शहरवासियों को इनका वास्तविक लाभ मिल सके।

Advertisement
Advertisement
Advertisement