*रुद्रपुर में CII के कुमाऊं जोनल कार्यालय का शुभारंभ, उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा* *विधायक शिव अरोरा बोले- निवेश और रोजगार सृजन के नए अवसर होंगे विकसित* *35 से अधिक औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा*

*रुद्रपुर में CII के कुमाऊं जोनल कार्यालय का शुभारंभ, उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा*

 

*विधायक शिव अरोरा बोले- निवेश और रोजगार सृजन के नए अवसर होंगे विकसित*

 

*35 से अधिक औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा*

 

रुद्रपुर। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) के कुमाऊं जोनल कार्यालय का रुद्रपुर में शुभारंभ किया गया। विधायक शिव अरोरा और CII नॉर्दर्न रीजन की डिप्टी चेयरपर्सन एवं सब्रोस लिमिटेड की चेयरपर्सन व मैनेजिंग डायरेक्टर श्रद्धा सूरी मारवाह ने संयुक्त रूप से कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित मेंबर्स मीट में 35 से अधिक औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि CII देश का प्रमुख औद्योगिक संगठन है, जो उद्योगों के विकास और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। रुद्रपुर में कुमाऊं जोनल कार्यालय खुलने से क्षेत्र के उद्योगपतियों और उद्यमियों को एक साझा मंच मिलेगा। इससे उद्योग जगत और सरकार के बीच संवाद एवं समन्वय मजबूत होगा।

 

उन्होंने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्थापित उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ रोजगार सृजन में भी अहम योगदान दे रहे हैं। CII का नया कार्यालय निवेश को प्रोत्साहित करने, उद्यमियों की समस्याओं को संबंधित मंचों तक पहुंचाने और नए व्यावसायिक अवसर विकसित करने में सहायक साबित होगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

 

CII नॉर्दर्न रीजन की डिप्टी चेयरपर्सन श्रद्धा सूरी मारवाह ने कहा कि कुमाऊं में विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ई-मोबिलिटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक, कुशल कार्यबल, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) की भागीदारी और बेहतर आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय उद्योगों को CII की विशेषज्ञता, नीतिगत संवाद और व्यापक व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने का काम करेगा। इसके साथ ही CII के 12 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की विशेषज्ञता का लाभ भी क्षेत्र के उद्योगों को मिल सकेगा।

 

CII उत्तराखंड स्टेट काउंसिल के चेयरमैन संजय अग्रवाल ने कहा कि मेंबर्स मीट उद्योग जगत की प्राथमिकताओं पर चर्चा करने, आपसी सहयोग बढ़ाने और प्रदेश में औद्योगिक विकास की संभावनाओं को तलाशने का महत्वपूर्ण मंच है।

 

कार्यक्रम के दौरान KLA India के डायरेक्टर अशोक अग्रवाल को CII कुमाऊं जोन का चेयरमैन और कुमार ऑक्सीजन के डायरेक्टर सौरभ वैष्ण को वाइस चेयरमैन घोषित किया गया। CII नॉर्दर्न रीजन की रीजनल डायरेक्टर रचना जिंदल भी इस अवसर पर मौजूद रहीं। सौरभ वैष्ण ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

 

कार्यक्रम में औद्योगिक प्रतिनिधियों ने आपसी सहयोग और व्यावसायिक संपर्कों को मजबूत करने पर जोर दिया। माना जा रहा है कि CII का नया कुमाऊं जोनल कार्यालय निवेश को आकर्षित करने, उद्योगों की समस्याओं के समाधान, नीतिगत चर्चा और सरकार व उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ रोजगार सृजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement