*यमन जा रही प्रवासियों से भरी नाव डूबी, 15 बच्चों समेत 139 की मौत; 84 लापता*
*305 लोग थे सवार, 82 को सुरक्षित बचाया गया*
जिबूती। जिबूती से यमन जा रही प्रवासियों से भरी एक नाव समुद्र में डूब गई। हादसे में 15 बच्चों समेत करीब 139 लोगों की मौत हो गई, जबकि 84 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। नाव में कुल 305 लोग सवार थे, जिनमें से 82 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा 8 और 9 अक्टूबर की मध्यरात्रि जिबूती के ओबोक शहर के उत्तर में गुहेरे के पास हुआ। नाव में सवार प्रवासी यमन के रास्ते खाड़ी देशों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। हादसे के बाद बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें 82 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि लापता लोगों की तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि बेहतर आर्थिक अवसरों और रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में प्रवासी इस समुद्री मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, यमन स्वयं लंबे समय से संघर्ष और अस्थिरता का सामना कर रहा है। वर्ष 2022 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम के बाद भी सऊदी अरब समर्थित सरकारी बलों और ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के बीच तनाव और संघर्ष की स्थिति बनी हुई है।
इस हादसे ने एक बार फिर बेहतर भविष्य की तलाश में जोखिम भरे समुद्री रास्तों से दूसरे देशों की ओर जाने वाले प्रवासियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


