*राज्य स्तरीय तलवारबाजी में डीपीएस रुद्रपुर का जलवा, 11 पदक झटके*
रुद्रपुर। देहरादून में आयोजित सीएम ट्रॉफी-खेल महाकुंभ राज्य स्तरीय तलवारबाजी (फेंसिंग) चैंपियनशिप-2026 में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण, एक रजत और पांच कांस्य पदक जीतकर विद्यालय के साथ ही ऊधमसिंह नगर और उत्तराखंड का नाम रोशन किया।
14 से 16 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। डीपीएस रुद्रपुर के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में तकनीकी दक्षता, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए पदकों पर कब्जा जमाया।
स्वर्ण पदक जीतने वालों में सार्थक जैन ने अंडर-14 फॉइल बालक, वैष्णवी जिमीवाल ने अंडर-14 फॉइल बालिका, मन्नत कौर ने अंडर-19 फॉइल बालिका, गुंजन राजपुरोहित ने अंडर-14 सेबर बालिका और वेदांश राठौर ने अंडर-19 सेबर बालक वर्ग में बाजी मारी।
शिविति कुमार ने अंडर-19 फॉइल बालिका वर्ग में रजत पदक हासिल किया। वहीं वंशिका चिलाना (अंडर-19 एपी बालिका), सार्थक गौर (अंडर-14 एपी बालक), तनरूप कौर (अंडर-14 सेबर बालिका), युविका शाह (अंडर-14 एपी बालिका) और प्रिशा शुक्ला (अंडर-14 फॉइल बालिका) ने कांस्य पदक जीते।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर और प्रधानाचार्य चेतन सिंह चौहान ने विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व देता है।
विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।


