*शुद्धीकरण विवाद पर कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, विकास शर्मा ने कहा—हर चुनौती का लोकतांत्रिक जवाब देंगे*

शुद्धीकरण विवाद पर कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल

कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन कर राहुल गांधी का पुतला फूंका, नेताओं ने कांग्रेस पर लगाया राजनीतिक रंग देने का आरोप
रुद्रपुर। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धीकरण को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को रुद्रपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और कलेक्ट्रेट के बाहर राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
भाजपा कार्यकर्ता मेट्रोपोलिस सिटी गेट के पास एकत्र हुए और वहां से जुलूस के रूप में नैनीताल हाईवे स्थित जिलाधिकारी कार्यालय की ओर रवाना हुए। कलेक्ट्रेट के बाहर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर धार्मिक एवं सामाजिक विषय को राजनीतिक रंग देने और जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में देश को धर्म और जाति के नाम पर बांटने की राजनीति की। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ लेकर देश के विकास को प्राथमिकता देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक, सामरिक और तकनीकी क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर देश की ताकत को स्वीकार किया जा रहा है।
विकास शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को किसी तरह की धमकी या दबाव से पीछे नहीं हटाया जा सकता। पार्टी कार्यकर्ता हर चुनौती का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने के लिए तैयार हैं।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धीकरण को कांग्रेस की ओर से दलित समाज के अपमान का विषय बताकर राजनीतिक रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज का अपमान करने की मंशा से कोई कार्य नहीं किया गया। कांग्रेस पर एक ही आरोप को बार-बार दोहराकर उसे राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए अरोड़ा ने कहा कि जनता पूरे मामले की वास्तविकता समझती है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े आयोजन को राजनीतिक विवाद का रूप देना उचित नहीं है। भाजपा सामाजिक समरसता और सभी वर्गों के सम्मान की भावना के साथ काम करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के आरोपों का तथ्यों के आधार पर लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देते रहेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि शुद्धीकरण के मामले को लेकर कांग्रेस जिस तरह राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा का स्पष्ट मत है कि समाज के सभी वर्गों का सम्मान होना चाहिए और किसी भी समुदाय के प्रति भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर धार्मिक और सामाजिक विषयों को विवाद का रूप देकर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
जिंदल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के कथित प्रचार का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेंगे। पार्टी संगठन जनता के बीच जाकर मामले की वास्तविकता सामने रखेगा और सामाजिक भाईचारे एवं सद्भाव को मजबूत करने के लिए काम करता रहेगा।
प्रदर्शन में दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता, धीरेंद्र मिश्रा, सुनील ठुकराल, अमित नारंग, राजेश जग्गा, सुरेश कोली, मीना शर्मा, रश्मि रस्तौगी, अनिल चौहान, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, उपेंद्र चौधरी, अमन वर्मा, विपिन सिंह चौहान, अक्षय गहलोत, मोर सिंह यादव, अंकित, रचित सिंह, जितेंद्र संधू, प्रीत ग्रोवर, राधेश्याम शर्मा, बिट्टू चौहान, मनीष गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Advertisement
Advertisement
Advertisement