*SCO समिट की ग्रुप फोटो से PM मोदी को क्रॉप करने पर पाकिस्तान की किरकिरी*
नई दिल्ली। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 2026 शिखर सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से साझा की गई एक ग्रुप फोटो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के आधिकारिक एक्स हैंडल से साझा तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कुछ अन्य नेताओं को क्रॉप कर दिया गया।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बिश्केक में आयोजित SCO सम्मेलन में सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों की आधिकारिक ग्रुप फोटो ली गई थी। इस तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी और शहबाज शरीफ समेत अन्य नेता मौजूद थे। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर में मोदी नजर नहीं आए। इससे पाकिस्तान की सोशल मीडिया रणनीति पर सवाल उठने लगे।
इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक एक्स हैंडल से साझा की गई तस्वीर में सभी नेता उसी रूप में दिखाई दे रहे हैं, जैसे मूल ग्रुप फोटो में थे। इसमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी स्पष्ट रूप से मौजूद हैं।
तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की आलोचना भी शुरू हो गई। हालांकि, बाद में शहबाज शरीफ की ओर से पूरी तस्वीर साझा किए जाने की भी रिपोर्ट सामने आई, जिससे मामला और चर्चा में आ गया।
