*अजय गणपति का यातायात प्लान तैयार, बारावफात पर रुद्रपुर में सुबह 9 से रात 10 बजे तक बदली व्यवस्था*

बारावफात जुलूस को लेकर रुद्रपुर में डायवर्जन प्लान लागू, सुबह 9 से रात 10 बजे तक रहेगी यातायात व्यवस्था में तब्दीली

रुद्रपुर। बारावफात के अवसर पर 26 अगस्त को शहर रुद्रपुर में प्रस्तावित जुलूसे मोहम्मदी को लेकर पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर बुधवार को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यातायात दबाव और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका के मद्देनजर रूट डायवर्जन किया है।

पुलिस के अनुसार अति आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों पर डायवर्जन प्लान लागू नहीं होगा।

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

दिल्ली-मुरादाबाद-रामपुर की ओर से आने वाले वाहन: काशीपुर, नैनीताल अथवा अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड का उपयोग कर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

हरिद्वार-काशीपुर की ओर से आने वाले वाहन: नैनीताल, पर्वतीय जनपदों अथवा रामपुर की ओर जाने वाले वाहन एमेनिटी स्कूल के पास स्थित फ्लाईओवर से रिंग रोड का इस्तेमाल करेंगे।

खटीमा-सितारगंज की ओर से आने वाले वाहन: रामपुर, मुरादाबाद, दिल्ली, काशीपुर अथवा हरिद्वार की ओर जाने वाले वाहन राधा स्वामी सत्संग के निकट बने फ्लाईओवर से रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

नैनीताल-हल्द्वानी की ओर से आने वाले वाहन: हरिद्वार, देहरादून, दिल्ली, मुरादाबाद, सितारगंज अथवा बरेली की ओर जाने वाले वाहन पार्ले चौक से रिंग रोड का उपयोग करेंगे।

जुलूस के दौरान अल्प अवधि के लिए भी बदलेगा रूट

पुलिस ने बताया कि जुलूस के किच्छा बाईपास रोड से डीडी चौक की ओर बढ़ने के दौरान तीनपानी से किच्छा बाईपास रोड होते हुए डीडी चौक जाने वाले वाहनों को अल्प अवधि के लिए त्रिशूल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, जुलूस के डीडी चौक से त्रिशूल चौक की ओर जाने के दौरान डीडी चौक और त्रिशूल चौक से वाहनों को अल्प अवधि के लिए तीनपानी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि 26 अगस्त को शहर में आवागमन के दौरान निर्धारित डायवर्जन मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement