*गोला नदी पर 18.79 करोड़ से बनेगा 250 मीटर पीएससी पुल, डॉ. गणेश उपाध्याय ने जताया हर्ष*
रुद्रपुर। उत्तराखंड आंदोलनकारी एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय ने गोला नदी पर 250 मीटर लंबे पीएससी पुल के निर्माण के लिए 18 करोड़ 79 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि पुल बनने से सितारगंज से पंतनगर तक का आवागमन सुगम होगा। इसका लाभ शक्तिफॉर्म, तिलियापुर, धौराडाम और सूर्यनगर सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह प्रस्ताव उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के कार्यकाल में रखा था, जिसे स्वीकृति भी मिली थी, लेकिन बाद में परियोजना लंबित हो गई। इसके बाद उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत से भी इस संबंध में अनुरोध किया था, लेकिन पुल का निर्माण शुरू नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि पुल बनने से धौराडाम जलाशय को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने का अवसर मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। साथ ही वन विभाग के विस्तृत क्षेत्र में भविष्य में नए प्रतिष्ठानों की स्थापना और अन्य विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
डॉ. उपाध्याय ने बताया कि जब कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा शांतिपुरी नंबर-4 स्थित जयग्राम पहुंचे थे, तब उन्होंने उन्हें अवगत कराया था कि यह परियोजना उनके पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा का सपना थी। उन्होंने परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार भी व्यक्त किया।











