*रानीखेत में युवक की धारदार हथियार से हत्या, बचाने पहुंचीं दो महिलाएं गंभीर*
रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र के द्वाराहाट ब्लॉक स्थित ऐना गांव में शुक्रवार रात एक युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के दौरान युवक को बचाने पहुंचीं उसकी बुआ और चचिया सास पर भी हमलावर ने जानलेवा हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल महिलाओं का गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 19 वर्षीय सागर सिंह पुत्र चंदन सिंह निवासी सिमोली (द्वाराहाट) के रूप में हुई है। सागर मेरठ में पढ़ाई कर रहा था और सेना भर्ती की तैयारी के लिए करीब 10 दिन पहले अपनी बुआ जानकी देवी के घर ऐना गांव आया था।
बताया गया कि शुक्रवार शाम करीब आठ बजे सागर घर में मौजूद था। इसी दौरान काले कपड़े पहने एक युवक घर में घुसा और धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण सागर की मौके पर ही मौत हो गई।
सागर की चीख-पुकार सुनकर उसकी बुआ जानकी देवी और चचिया सास सावित्री देवी उर्फ सबुली देवी उसे बचाने पहुंचीं, लेकिन हमलावर ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में जानकी देवी के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि सबुली देवी के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह और क्षेत्राधिकारी भावना कैंथोला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने हत्या के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं किया है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश, लूटपाट समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। घटना के बाद ऐना गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।











