*लापरवाही पर एसएसपी का सख्त एक्शन, आईटीआई कोतवाली प्रभारी व पैगा चौकी प्रभारी लाइन हाजिर*

*लापरवाही पर एसएसपी का सख्त एक्शन, आईटीआई कोतवाली प्रभारी व पैगा चौकी प्रभारी लाइन हाजिर*

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही और दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरतने पर कड़ा रुख अपनाते हुए आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ तथा पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

एसएसपी द्वारा जनपद की पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा के दौरान पाया गया कि आईटीआई कोतवाली में दर्ज विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही थी। साथ ही पीड़ितों की शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब किया जा रहा था। उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बावजूद विवेचनाओं की समीक्षा और निगरानी में भी लापरवाही सामने आई। इसे गंभीर मानते हुए प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।

इसी प्रकार पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह के स्तर पर भी पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई एवं निस्तारण में देरी तथा दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर उन्हें भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनपद में पुलिस कार्यों में लापरवाही, पीड़ितों की शिकायतों के प्रति असंवेदनशीलता और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा तथा लापरवाही पाए जाने पर इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement