*रात्रि में एनएच-109 रहेगा बंद, भारी बारिश के मद्देनजर तीन दिन लागू रहेगा डायवर्जन*

*रात्रि में एनएच-109 रहेगा बंद, भारी बारिश के मद्देनजर तीन दिन लागू रहेगा डायवर्जन*

हल्द्वानी। मौसम विभाग द्वारा 9, 10 एवं 11 जुलाई 2026 के लिए जारी भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग हल्द्वानी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-87 विस्तार (नया एनएच-109) पर रात्रिकालीन यातायात डायवर्जन लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।

विभाग के अनुसार ज्योलीकोट–क्वारब मार्ग पर कि.मी. 26 (पाड़ली), कि.मी. 33 (फ्रॉग पॉइंट) तथा कि.मी. 38 (छड़ा) क्षेत्र में रात के समय पहाड़ी से पत्थर एवं मलबा गिरने की आशंका बनी हुई है। यात्रियों की सुरक्षा और सड़क रखरखाव कार्य में लगे कर्मचारियों को संभावित खतरे से बचाने के उद्देश्य से 9, 10 एवं 11 जुलाई को प्रतिदिन रात्रि 10 बजे से प्रातः 5 बजे तक इस मार्ग पर सभी प्रकार का यातायात पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन द्वारा जारी डायवर्जन व्यवस्था के अनुसार अल्मोड़ा से हल्द्वानी जाने वाले सभी वाहन क्वारब–नथुवाखान–रामगढ़–भवाली मार्ग से संचालित होंगे। रानीखेत से हल्द्वानी आने वाले वाहन भी अल्मोड़ा–क्वारब–नथुवाखान–रामगढ़–भवाली मार्ग का उपयोग करेंगे।

इसी प्रकार हल्द्वानी से अल्मोड़ा जाने वाले हल्के वाहन खुटानी मार्ग से गुजरेंगे, जबकि अन्य वाहन भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब होकर अल्मोड़ा पहुंचेंगे। हल्द्वानी से रानीखेत जाने वाले सभी वाहनों को भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब–अल्मोड़ा मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं नैनीताल एवं ज्योलीकोट से अल्मोड़ा और रानीखेत जाने वाले सभी वाहन भी भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस एवं अग्निशमन सेवा के वाहनों को इस डायवर्जन व्यवस्था से छूट प्रदान की गई है। जनपद पुलिस नैनीताल ने यात्रियों एवं वाहन चालकों से यात्रा शुरू करने से पहले डायवर्जन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करने, उसी के अनुरूप यात्रा की योजना बनाने तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement