नवरात्र के छठे दिन कालड़ा परिवार के यहां सजी माता रानी की चौकी, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लगाई हाजिरी

Spread the love

नवरात्र के छठे दिन कालड़ा परिवार के यहां सजी माता रानी की चौकी, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लगाई हाजिरी

रुद्रपुर। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर शहर में भक्ति का माहौल बना हुआ है। नवरात्र के छठे दिन किच्छा रोड स्थित सनी डेल्स में समाजसेवी ओम प्रकाश कालड़ा एवं चिराग कालड़ा के आवास पर माता रानी की भव्य चौकी एवं श्री बालाजी दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी एवं बाबा का गुणगान किया और भजनों पर देर रात तक भक्तिमय वातावरण में झूमते रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ कालड़ा परिवार द्वारा ज्योत प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात गणेश वंदना, श्रीराम स्तुति, हनुमान चालीसा तथा श्री बालाजी महाराज, भैरवनाथ एवं प्रेतराज की आरती के साथ दरबार का विधिवत आयोजन शुरू हुआ। भजन संध्या में प्रस्तुत भजनों ने समूचे वातावरण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

भजन गायक विनीत अरोरा ने “कालका माँ मुझे तेरी जरूरत है” एवं “इक तू सच्ची सरकार माँ झंडेया वाली”, सुमित वार्ष्णेय ने “मेरी माँ दे लंबे बाल, परांदा लंबा लईयो” व “मेनू लाड़ लड़ाया चिंतपूर्णी ने”, हिमांशु मारवाड़ी ने “दुनिया चले ना श्रीराम के बिना” तथा रमेश राठौर व रितेश मनोचा ने “आओ चले अमरनाथ” व “भोले दी बारात चली” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान गद्दी पर विराजमान महंत विकास शर्मा पर माता रानी एवं बालाजी महाराज की कृपा प्रकट होने का श्रद्धालुओं ने अनुभव किया। इस दौरान भक्तों ने उनका आशीर्वाद लेकर सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। साथ ही पीपली धाम के महंत श्री श्री सोमानंद महाराज से भी श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर कालड़ा परिवार के सदस्यों सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और भक्ति भाव के साथ आयोजन को सफल बनाया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *