*_हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा: बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 5 की मौत, कई घायल_*

Spread the love

*_हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा: बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 5 की मौत, कई घायल_*
​हनुमानगढ़/राजस्थान : जिले के रावतसर क्षेत्र में मेगा हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सरदारशहर रोड पर बरमसर के पास एक बुलेट वोल्वो बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. इस भीषण दुर्घटना में 5 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी.
यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का एक हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया. रावतसर SDM संजय कुमार ने हादसे कि पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में 5 लोगों कि मौत हो चुकी है, 3 गंभीर घायलों को हनुमानगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है, 6 लोगों का रावतसर अस्पताल मे ही इलाज चल रहा है. जानकारी के अनुसार बुलेट वोल्वो बस श्रीगंगानगर से जयपुर की ओर जा रही थी. इसी दौरान मेगा हाईवे पर बरमसर के पास बस चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बस की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई.
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा : घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुभाष गोदारा और थाना प्रभारी ईश्वरानंद सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया. इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को रावतसर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया.
गंभीर घायलों को किया रेफर : हादसे में घायल हुए कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद 5 गंभीर घायलों को अन्य अस्पतालों और जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया. अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है.
घायलों और मृतकों कि हुई पहचान : हादसे मे घायल हुई सुमन उम्र 38 साल, महेन्द्र कुमार उम्र 39 साल, आदित्य उम्र 17 साल निवासी श्रीगंगानगर, अरविंद उम्र 38 साल निवासी लालगढ जाटान, रिचु नागपाल उम्र 40 साल निवासी हनुमानगढ जंक्‍शन,वहीं मृतकों मे तीन लोगों कि पहचान हुईं है,जिसमें अजय बंसल,नई धानमंडी हनुमानगढ टाउन, श्याम लाल निवासी हनुमानगढ टाउन, हरिराम निवासी 6 एमडीए हनुमानगढ टाउन के रूप मे हुईं है, एक गंभीर घायल को बीकानेर रेफर किया गया है.
प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे अस्पताल : हादसे की सूचना मिलने के बाद एसडीएम संजय कुमार और नितेश मोची भी रावतसर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया. प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.
मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए : हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. इस दर्दनाक हादसे के बाद मेगा हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की है.
गहलोत ने जताया दुख : इस दर्नाक हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दुख जता है. उन्होंने लिखा कि हनुमानगढ़ के रावतसर क्षेत्र में बरमसर के पास मेगा हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में 5 व्यक्तियों की मृत्यु होना बेहद दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें एवं उनके शोकाकुल परिजनों को धैर्य तथा हिम्मत प्रदान करें. घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *