अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंहनगर में होली को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च

Spread the love

होली को लेकर ऊधमसिंहनगर पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की नजर, बोले अजय गणपति

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के आदेश, अजय गणपति सतर्क

ऊधमसिंहनगर। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में सोमवार को जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान भारी पुलिस बल ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रमुख सड़कों, बाजारों, चौराहों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए होली के पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली पर हुड़दंग करने, शराब पीकर वाहन चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
होलिका दहन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या आगजनी से निपटने के लिए जनपद के संवेदनशील स्थानों पर अग्निशमन दल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा सांप्रदायिक पोस्ट डालने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि होली का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *