सिविल लाइन के जूता शोरूम में चली गोली, युवा कारोबारी गंभीर

Spread the love

रुद्रपुर। शहर के पॉश सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एक जूता शोरूम में गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से एक युवा कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके सिर में लगी है, जिससे उसकी हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे दिल्ली स्थित Max Hospital के लिए रेफर कर दिया। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली स्वयं चली या किसी ने हमला किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिविल लाइन निवासी स्वर्गीय अनिल चावला के 25 वर्षीय पुत्र ध्रुव चावला का सिविल लाइन मुख्य मार्ग पर “किक्स विला द शूज” नाम से जूतों का शोरूम है। गुरुवार रात करीब नौ बजे ध्रुव की अपनी मां एकता चावला से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उसने दस मिनट में घर पहुंचने की बात कही थी। काफी देर तक घर न पहुंचने पर चिंतित परिजनों ने रिश्तेदारों को शोरूम भेजा।

शोरूम पहुंचने पर शीशे का दरवाजा अंदर से बंद मिला तथा ध्रुव अंदर फर्श पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। उसके सिर से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार, एसएसआई केसी आर्या, एसएसआई अनिल जोशी तथा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल, एक खाली खोखा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय शोरूम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे। आसपास की दुकानें भी बंद हो चुकी थीं, जिससे किसी ने गोली चलने की आवाज नहीं सुनी। पास के अन्य कैमरों की फुटेज में ध्रुव रात 8:11 बजे दुकान के बाहर खड़ा दिखाई दे रहा है, लेकिन उसके बाद की घटनाएं रहस्य बनी हुई हैं।

घटना की सूचना फैलते ही व्यापार जगत में हड़कंप मच गया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा और विजय फुटेला सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए और निष्पक्ष जांच की मांग की।

पुलिस आत्महत्या के प्रयास समेत अन्य संभावित पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि ध्रुव के होश में आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *