पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, एकात्म मानववाद को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

Spread the love

पंडित दीनदयाल उपाध्याय को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

जीवन दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

रुद्रपुर। भारतीय राजनीति के पुरोधा एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता लोकतंत्र सेनानी कस्तूरी लाल तागरा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने ‘एकात्म मानववाद’ का दर्शन देकर व्यक्ति के शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समग्र विकास की अवधारणा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति का उत्थान नहीं होगा, तब तक राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है।

सामाजिक कार्यकर्ता पवन अग्रवाल ने कहा कि पंडित जी का दर्शन आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उनके समय में था। उनके सिद्धांत समाज के प्रत्येक वर्ग के समग्र विकास के लिए मार्गदर्शक हैं और इन्हें जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि पंडित जी ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया। उनका जीवन त्याग, तपस्या और सादगी का प्रतीक था। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को राजनीति में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। एकात्म मानववाद केवल राजनीतिक विचारधारा नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के उत्थान का मार्ग है। उन्होंने संगठन को सशक्त बनाने और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, अमित नारंग, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, प्रदेश मंत्री किसान मोर्चा धीरेन्द्र मिश्रा, कार्यक्रम संयोजक राजेश तिवारी, पूर्व मेयर रामपाल, प्रमोद मित्तल, अक्षय अरोरा, मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी, डीएन यादव सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *