*_दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का होगा वर्ल्ड क्लास रूपांतरण, सांसद बिधूड़ी ने दी जानकारी_*

Spread the love

*_दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का होगा वर्ल्ड क्लास रूपांतरण, सांसद बिधूड़ी ने दी जानकारी_*

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में रेल यात्रियों के अनुभव को सुधारने व बेहतर सुविधाएं देने के लिए अमृत भारत योजना के तहत बड़े पैमाने पर रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है. दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने हाल ही में संसद सत्र में इस संबंध में प्रश्न पूछे थे. सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बताया कि राजधानी दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस करने का काम तेजी से चल रहा है. इन रेलवे स्टेशनों में नई दिल्ली, निजामुद्दीन, आनंद विहार, बिजवासन, दिल्ली कैंट, आदर्श नगर, सराय रोहिल्ला, शाहदरा, हजरत निजामुद्दीन, नरेला, सब्जी मंडी, सफदरजंग और तिलक ब्रिज शामिल हैं.

सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अमजेरी गेट साइड में ठहराव क्षेत्र का काम पूरा हो चुका है. टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाई गई है. ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीनें, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इलेक्ट्रिक इंफॉर्मेशन बोर्ड, सीसीटीवी, सामान स्कैनर व डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं. इसके अलावा, बेहतर रोशनी, हाई वॉल्यूम लो स्पीड पंखे, फायर फाइटिंग सिस्टम, आरओ पानी, लेडीज व दिव्यांग टॉयलेट्स, सिटिंग अरेंजमेंट जैसी सुविधाएं भी पूरी की जा चुकी हैं. स्टेशन के बेसमेंट का काम व पुराने ढांचे को तोड़कर नई सुविधाओं को स्थानांतरित करने का कार्य भी शुरू हो चुका है.

दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का वर्ल्ड क्लास रूपांतरण: रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बताया कि सभी 13 स्टेशनों के लिए विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया जा चुका है. प्लान के तहत विभिन्न चरणों में कार्य प्रगति पर है. सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर सिग्नल और दूरसंचार बिल्डिंग का काम पूरा हो चुका है और स्टेशन भवन का ढांचा बनकर तैयार है. उसके फिनिशिंग का काम जारी है. वहीं, बिजवासन रेलवे स्टेशन पर स्टेशन भवन तैयार है. चिनाई और फिनिशिंग का कार्य चल रहा है. दिल्ली कैंट स्टेशन पर पूर्वी हिस्से का ढांचा, रेजिडेंशल क्वार्टर व एंट्री-एग्जिट रोड का निर्माण पूरा हो चुका है. तिलक ब्रिज स्टेशन पर प्लेटफार्म सं. 4 व 5 के निर्माण के साथ एप्रोच रोड व टेम्परेरी बुकिंग विंडो बन चुकी है.सब्जी मंडी और नरेला स्टेशनों पर प्लेटफार्म सुधार, बुकिंग विंडो व टॉयलेट की फिनिशिंग का काम जारी है.

स्टेशनों को मिला सर्टिफिकेट ऑफ अचीवमेंट: सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने यह भी बताया कि कार्य पूरा होने के बाद दिल्ली के अधिकांश स्टेशनों पर यात्रियों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मिलेंगी. इसमें बेहतर वेटिंग हॉल, साफ-सुथरे टॉयलेट, सिटिंग अरेंजमेंट, वाटर बूथ, चौड़े पैदल रास्ते, एयर कॉन्कोर्स, लिफ्ट, एस्केलेटर, रैंप, कवर्ड प्लेटफार्म, कियोस्क व दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं शामिल रहेंगी.

रेलवे नेटवर्क को वैश्विक मानक तक पहुंचाने की दिशा में भी एक निर्णायक कदम: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी संसद में बताया कि इस परियोजना में कुछ देरी हो सकती है क्योंकि वर्तमान स्टेशनों व चल रही रेलगाड़ियों के संचालन के बीच सुधार कार्य करना चुनौतीपूर्ण है. सांसद बिधूड़ी ने कहा कि यह पहल न सिर्फ यात्रियों को सुरक्षित व सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि दिल्ली के रेलवे नेटवर्क को वैश्विक मानक तक पहुंचाने की दिशा में भी एक निर्णायक कदम है. इस तरह राजधानी दिल्ली के रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास यात्रियों के लिए सुविधाजनक, सुरक्षित व आधुनिक परिवहन का अनुभव सुनिश्चित करेगा


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *