संकीर्तन महोत्सव में गूंजा भक्ति का स्वर, ठुकराल ने की सुख-समृद्धि की कामना
रुद्रपुर। आनंदखेड़ा नंबर एक में आयोजित श्री श्री अखण्ड महानाम संकीर्तन महोत्सव में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सहभागिता कर भक्तिमय वातावरण में संकीर्तन का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने महामंत्र का जाप करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
आयोजन समिति ने पूर्व विधायक का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों से आई कीर्तन मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। मानमुक्ति, जय जगन्नाथ, कृष्णदासी, ब्रजेश्वरी और गोपी कृष्ण सम्प्रदाय की मंडलियों ने भावपूर्ण कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर ठुकराल ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश प्रसारित होता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर संकीर्तन का आनंद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।







