*सिख-पंजाबी समाज ने पुरुषार्थ से तराई को बनाया अन्न भंडार: नितिन नबीन* *पंजाबी गौरव सम्मेलन में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने समाज के योगदान को किया नमन*

*सिख-पंजाबी समाज ने पुरुषार्थ से तराई को बनाया अन्न भंडार: नितिन नबीन*

*पंजाबी गौरव सम्मेलन में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने समाज के योगदान को किया नमन*
मेहनत और पराक्रम से पंजाबी समाज ने तराई की बदली तस्वीर: नितिन नबीन
नितिन नबीन ने कहा, सेवा, साहस और बलिदान की मिसाल है सिख समाज
रुद्रपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि विभाजन की सबसे बड़ी पीड़ा पंजाबी और सिख समाज ने झेली, लेकिन कठिन परिस्थितियों में भी इस समाज ने अपने पुरुषार्थ, मेहनत और पराक्रम से न केवल खुद को दोबारा स्थापित किया, बल्कि तराई को समृद्ध बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि आज तराई उत्तराखंड के अन्न भंडार के रूप में पहचानी जाती है तो इसकी नींव मजबूत करने में पंजाबी-सिख समाज की भूमिका अहम रही है।
रामपुर रोड स्थित आर्क होटल में गुरुवार को आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि 1947 के विभाजन के दौरान हजारों परिवार अपना घर-बार और संपत्ति छोड़कर तराई में आकर बसे। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने खेतों को आबाद किया, कारोबार स्थापित किए और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति दी। हरित क्रांति में भी तराई के किसानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उन्होंने कहा कि सिख समाज का इतिहास सेवा, साहस, भाईचारे और बलिदान से भरा है। देश की आजादी से लेकर सीमाओं की रक्षा तक समाज के वीरों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। गुरुद्वारों में लंगर और आपदा के समय सेवा से लेकर राष्ट्र रक्षा तक सिख समाज हमेशा आगे रहा है।
करतारपुर कॉरिडोर और वीर बाल दिवस का किया उल्लेख
नितिन नबीन ने नानकमत्ता साहिब, हेमकुंड साहिब और रीठा साहिब की धार्मिक विरासत को नमन करते हुए कहा कि ये स्थल उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान को समृद्ध करते हैं। उन्होंने करतारपुर साहिब कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि दशकों तक श्रद्धालु सीमा पार स्थित पवित्र स्थल को दूर से नमन करने को विवश रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कॉरिडोर खुलने से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन सुगम हुए हैं।
उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके बलिदान की स्मृति में ‘वीर बाल दिवस’ मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि साहिबजादों का बलिदान पूरे देश की राष्ट्रीय धरोहर है।
1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि निर्दोष सिखों के साथ हुई त्रासदी को देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2015 में एसआईटी गठित कर लंबे समय से लंबित मामलों को आगे बढ़ाने का काम किया।
हेमकुंड साहिब रोपवे से सुगम होगी यात्रा
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि करीब 2700 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजना से श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी। इससे बुजुर्गों और शारीरिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर मजबूत स्थिति में पहुंचा है। गरीब कल्याण, बुनियादी ढांचे के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
नशे के खिलाफ अभियान में समाज से भागीदारी का आह्वान
नितिन नबीन ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को गंभीर चुनौती बताते हुए समाज से नशामुक्त भारत के अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा परिवार और समाज ही नहीं, आने वाली पीढ़ियों को भी प्रभावित करता है। युवाओं को शिक्षा, खेल, स्वरोजगार और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा किया जाना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर उत्तराखंड को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।
धामी ने भी पंजाबी-सिख समाज के योगदान को सराहा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऊधमसिंह नगर और तराई के विकास में पंजाबी-सिख समाज की मेहनत, संघर्ष और पुरुषार्थ की अमिट छाप है। विस्थापन की पीड़ा झेलने के बाद समाज ने तराई को अपनी कर्मभूमि बनाया और कृषि, उद्योग, व्यापार तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और सभी समुदायों के सम्मान की रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक वर्ग विकास की यात्रा में भागीदार बने।
पुष्पवर्षा से हुआ राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत
इससे पहले सम्मेलन स्थल पहुंचने पर नितिन नबीन का विभिन्न समाजों की ओर से लगाए गए स्वागत स्टॉलों पर पुष्पवर्षा और जयकारों के बीच जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, अमर शहीद सरदार ऊधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित करने और सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ। अध्यक्षता हरविंदर सिंह विर्क ने की।
सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, मंत्री प्रदीप बत्रा व सौरभ बहुगुणा, जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, विधायक शिव अरोरा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, महापौर विकास शर्मा, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पंजाबी-सिख समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं गुरविंदर सिंह चंडोक और रोशन अरोड़ा ने संभाली।
Advertisement
Advertisement
Advertisement