*प्रदेश प्रवक्ता बनने पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का भगवानपुर में जोरदार स्वागत* *राजेश शुक्ला बोले- पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का करेंगे पूरा प्रयास*

*प्रदेश प्रवक्ता बनने पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का भगवानपुर में जोरदार स्वागत*

रुद्रपुर। भाजपा उत्तराखंड का प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने के बाद किच्छा के पूर्व विधायक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी राजेश शुक्ला का बुधवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ग्राम भगवानपुर में ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। ग्राम प्रधान विनीत सोलंकी के नेतृत्व में आयोजित स्वागत समारोह में ग्रामीणों ने पुष्पमालाएं एवं अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए राजेश शुक्ला ने कहा कि भाजपा ने उन्हें प्रदेश प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह पार्टी की नीतियों और विचारधारा के साथ केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश व उत्तराखंड विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता है। कार्यकर्ताओं और जनता के सहयोग से संगठन को और मजबूत करने के प्रयास जारी रहेंगे।

राजेश शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र की जनता से उनका वर्षों पुराना आत्मीय संबंध रहा है। जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना उनकी प्राथमिकता रही है और प्रदेश प्रवक्ता की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद भी जनता से उनका संपर्क एवं संवाद लगातार बना रहेगा।

ग्राम प्रधान विनीत सोलंकी ने कहा कि राजेश शुक्ला को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में खुशी है। उन्होंने राजनीतिक जीवन में जनता के बीच रहकर विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम किया है। पार्टी द्वारा उन्हें प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी दिया जाना किच्छा क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

कार्यक्रम को प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम और भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश तिवारी ने भी संबोधित किया। इस दौरान किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजीव शुक्ला, महामंत्री अजीत सिंह सोलंकी, उपप्रधान कपिल बिष्ट, ज्येष्ठ प्रमुख संजय कुमार सिंह, हरिद्वार शुक्ला, भरत मिश्रा, सुरेंद्र कुमार चौधरी, योगेश तिवारी, ऋषिकांत त्रिपाठी, कौशल वर्मा, डीएन गुप्ता, सुभाष ओझा, सिद्धनाथ मिश्रा, माया सिंह, प्रमोद तिवारी, दिव्य प्रकाश पांडे, सुधीर चौधरी, अजय वर्मा, हरि गोविंद सिंह, रामजी वर्मा, बृजेंद्र चौधरी, ब्रह्मानंद वर्मा, दयनाथ शुक्ला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।