*हरिद्वार-ऋषिकेश तक पहुंचेगा दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस, केंद्र ने दी सैद्धांतिक मंजूरी*
नई दिल्ली। क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्र ने दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) कॉरिडोर को मेरठ के मोदीनगर से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
प्रस्तावित विस्तार से उत्तराखंड और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बीच तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल संपर्क उपलब्ध होगा। इससे हरिद्वार और ऋषिकेश आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों तथा दैनिक यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने के साथ ही क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अब परियोजना के विस्तृत सर्वेक्षण, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और अन्य तकनीकी एवं वित्तीय प्रक्रियाओं के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परियोजना के पूरा होने पर दिल्ली, मेरठ, हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच आवागमन का समय भी काफी कम होने की संभावना है।







