छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला
नीट पेपर लीक मामले में छात्रों को न्याय दिलाने की मांग, सरकार पर दमनकारी रवैये का आरोप
रुद्रपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में शिवनगर स्थित चामुंडा मंदिर के समीप एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका।
इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक माह से धरना दे रहे छात्रों की मांगों की अनदेखी की जा रही है और सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब जागरूक हो चुका है और भाजपा के बहकावे में नहीं आएगा।
महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्र पिछले लगभग एक माह से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। उनकी मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के समर्थन में पहुंचे समाजसेवी सोनम वांगचुक को पुलिस ने जबरन धरना स्थल से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराया तथा संसद की ओर मार्च कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई छात्र घायल हुए।
ममता रानी ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों के समर्थन में पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता में व्यापक आक्रोश है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी।
पुतला दहन कार्यक्रम में परिमल राय, उमर अली, उमा सरकार, मोहन भारद्वाज, मधु सिकदर, राकेश अधिकारी, नरेश सागर, रविंद्र गुप्ता, अर्जुन विश्वास, इरफान अली, निहाल सिंह, राजीव राठौर, बेबी सिकदर, रेखा, रीना, सुनील चुघ, बबलू सागर, राहुल, ऋतिक, पवन बिष्ट, नीलम, विनीता, संजीव, राज कोली, संजीव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







