*_बिहार में गोलियों की तड़तड़ाहट, पटना में 3 युवकों को मारी गोली_*

*_बिहार में गोलियों की तड़तड़ाहट, पटना में 3 युवकों को मारी गोली_*

पटना: राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के ज्ञानचक और जीवनचक्के के बीच एक गांव में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. मारपीट के बाद मामला गोलीबारी तक पहुंच गया, जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

तीन युवकों को लगी गोली: घायलों की पहचान अंकित कुमार, विकास कुमार और साहिल कुमार के रूप में हुई है. विकास और साहिल के पैर में गोली लगी, जबकि अंकित के सीने में गोली लगने से उसकी हालत सबसे गंभीर है. सभी को पहले नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) ले जाया गया, जहां से विकास और साहिल को PMCH और अंकित को AIIMS पटना रेफर कर दिया गया.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: फतुहा के एसडीपीओ अवधेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दीदारगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. घटनास्थल से कई खोखे बरामद हुए, जो फायरिंग की पुष्टि करते हैं. पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है. अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.

“पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी. स्थिति नियंत्रण में है.”-अवधेश कुमार, फतुहा एसडीपीओ

पुरानी रंजिश का नतीजा: स्थानीय लोगों के अनुसार, यह विवाद पुरानी रंजिश से उपजा है. कुछ दिन पहले दोनों गुटों में कहासुनी हुई थी, जो बुधवार को मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गई. पीड़ितों का कहना है कि थाने से लौटते समय करीब 50 लोगों ने उन्हें घेरकर हमला किया.

गांव में तनाव का माहौल: घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है और लोग घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं. पुलिस ने गांव में कैंप कर रखा है और अतिरिक्त बल तैनात किया है. लगातार गश्त जारी है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो.

जांच और हथियारों की पड़ताल: पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. गोलीबारी में इस्तेमाल हथियारों के लाइसेंसी या अवैध होने की जांच की जा रही है. घायलों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी. पटना पुलिस ने शहरवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

Advertisement
Advertisement
Advertisement