*छठ घाटों पर पहुंचे महापौर विकास शर्मा, व्रती महिलाओं को दी शुभकामनाएं* *पूर्वांचल समाज ने विभिन्न स्थानों पर किया स्वागत, नगर की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना*

*छठ घाटों पर पहुंचे महापौर विकास शर्मा, व्रती महिलाओं को दी शुभकामनाएं*

 

*पूर्वांचल समाज ने विभिन्न स्थानों पर किया स्वागत, नगर की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना*

 

रुद्रपुर। छठ महापर्व के अवसर पर रविवार शाम महापौर विकास शर्मा ने शहर के विभिन्न छठ पूजा घाटों का भ्रमण कर व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर पूर्वांचल समाज के लोगों ने महापौर का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से नगर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

 

महापौर ने वार्ड नंबर एक व दो, खेड़ा स्थित संतोषी माता मंदिर, तीनपानी डाम क्षेत्र के छठ घाट, ट्रांजिट कैंप फुटबॉल मैदान, वार्ड नंबर पांच व छह, जगतपुरा, अटरिया मंदिर और धोबी घाट सहित शहर के विभिन्न पूजा स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने व्रती माताओं-बहनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

 

छठ घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और पूजा-अर्चना के बीच भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ पर्व मनाते नजर आए। महापौर ने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर पर्व की खुशियां साझा कीं और पूर्वांचल समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व अनुशासन, पवित्रता, समर्पण और आस्था का संदेश देता है। व्रती महिलाओं की कठिन तपस्या और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए उनकी अटूट श्रद्धा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

 

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं का संगम है। यहां सभी समाजों के लोग आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ त्योहार मनाते हैं। छठ महापर्व सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता को मजबूत करने का भी माध्यम है।

 

महापौर ने भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया से नगर निगम क्षेत्र सहित प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कामना की कि छठी मैया की कृपा सभी परिवारों पर बनी रहे और हर घर में खुशहाली आए। इस दौरान विभिन्न छठ घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement