*छात्राएं बड़े सपने देखें और लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत करें: डॉ. गणेश उपाध्याय* *राजकीय कन्या हाईस्कूल में मार्गदर्शन एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं सम्मानित*

*छात्राओं को अपने भविष्य के लिए बड़े सपने देखने और मेहनत करने की जरूरत: डॉ. गणेश उपाध्याय*

 

*राजकीय कन्या हाईस्कूल में मार्गदर्शन एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं सम्मानित*

 

रुद्रपुर। राजकीय कन्या हाईस्कूल में छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और करियर मार्गदर्शन के उद्देश्य से मार्गदर्शन एवं परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, अपनी प्रतिभा पहचानने और भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम में विद्यालय की पूर्व छात्रा नताशा जोशी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने पार्लर का व्यवसाय शुरू किया है। अपने कार्य के माध्यम से वह अच्छी आमदनी अर्जित करने के साथ ही दो लोगों को रोजगार भी दे रही हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि उनके सामने भविष्य में आगे बढ़ने के अनेक अवसर हैं। इसलिए उन्हें निराश होने के बजाय अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुसार करियर का चुनाव करना चाहिए तथा पूरी मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।

 

जवाहर नगर वार्ड नंबर एक की बीडीसी सदस्य सरोजिनी कार्की ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनके भविष्य के निर्माण में गुरुजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को सही दिशा देने के साथ ही उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

 

कार्यक्रम में संरक्षक एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय ने कहा कि छात्राओं को स्वाभिमान के साथ जीवन में बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। छात्राओं की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने में गुरुजनों का सहयोग सराहनीय है। शिक्षक ही विद्यार्थियों के भविष्य की राह निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें यह देखकर प्रसन्नता होती है कि विद्यालय की छात्राएं लगातार सात वर्षों से शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम हासिल करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

 

विद्यालय की प्रधानाचार्य ने छात्राओं की शैक्षणिक एवं खेल उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि छात्राएं पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। जूडो प्रतियोगिता में पायल, हिमानी और गुड़िया ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। ये छात्राएं अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगी।

 

एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय की छात्राओं ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। ऊंची कूद में गुड़िया ने प्रथम, गोला फेंक में मोनिका ने प्रथम, हैमर थ्रो में मोनिका ने द्वितीय तथा भाला फेंक में नीलम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तमन्ना ने हैमर थ्रो में तीसरा स्थान हासिल किया। इन छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। वहीं, छाया, पूनम, अनुष्का और दिव्या ने भी प्रतियोगिताओं में तीसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

 

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की अध्यक्ष गीता कोरंगा, अभिव्यक्ति संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कार्की उर्फ सोनू, कार्यक्रम का संचालन कर रहीं शिक्षिका सुनीता सिंह, प्रेम बोहरा, वीर अनीता चंद, पूजा, रवीना सहित दर्जनों छात्राएं उपस्थित रहीं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement