*WhatsApp पर बैंक ट्रांजैक्शन का संदिग्ध मैसेज आए तो रहें सतर्क* *‘NO’ लिखकर जवाब देने से फोन हैक होने का दावा प्रमाणित नहीं, अनजान लिंक और फाइलों से बचने की सलाह*

*WhatsApp पर बैंक ट्रांजैक्शन का संदिग्ध मैसेज आए तो रहें सतर्क*

 

*‘NO’ लिखकर जवाब देने से फोन हैक होने का दावा प्रमाणित नहीं, अनजान लिंक और फाइलों से बचने की सलाह*

 

हैदराबाद। WhatsApp पर बैंक खाते से पैसे कटने का मैसेज मिलने और ट्रांजैक्शन नहीं करने की स्थिति में ‘NO’ लिखकर जवाब देने को कहे जाने पर सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसे संदेशों को लेकर साइबर सुरक्षा संबंधी चिंताएं सामने आई हैं। हालांकि, केवल ‘NO’ लिखकर जवाब देने से मोबाइल हैक होने या बैंक खाता खाली होने का दावा अभी तक पूरी तरह प्रमाणित नहीं हुआ है।

 

हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) के माध्यम से लोगों को ऐसे संदिग्ध संदेशों के प्रति आगाह किया है। उन्होंने एक मामले का उल्लेख करते हुए बताया कि एक व्यक्ति के बैंक खाते से रकम कटने की बात सामने आई थी। इस घटना को ‘ऑटो-एक्जीक्यूशन फाइल अटैक’ से जोड़कर देखा गया, लेकिन केवल टेक्स्ट मैसेज का जवाब देने से कोई खतरनाक फाइल अपने आप सक्रिय हो जाती है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

 

पुलिस की सलाह है कि WhatsApp पर बैंक से संबंधित कोई संदिग्ध संदेश मिलने पर बिना जांच-पड़ताल के जवाब देने या उसमें दिए गए लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी अनजान स्रोत से प्राप्त फाइल डाउनलोड न करें और न ही किसी के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंकिंग पासवर्ड साझा करें। खाते में हुए लेनदेन की पुष्टि के लिए बैंक के आधिकारिक ऐप या अधिकृत यूपीआई ऐप का ही इस्तेमाल करें।

 

इसके अलावा, किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग ऐप इंस्टॉल करने या मोबाइल का रिमोट एक्सेस देने से भी बचना चाहिए। यदि खाते से बिना अनुमति रकम निकलने का पता चलता है, तो तत्काल बैंक को सूचना दें और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement