*जिला योजना समिति की चारों शहरी सीटों पर भाजपा का कब्जा* *निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों का फूल-मालाओं से स्वागत, महापौर विकास शर्मा ने कांग्रेस पर साधा निशाना*

*जिला योजना समिति की चारों शहरी सीटों पर भाजपा का कब्जा*

 

*निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों का फूल-मालाओं से स्वागत, महापौर विकास शर्मा ने कांग्रेस पर साधा निशाना*

 

रुद्रपुर। जिला योजना समिति के चुनाव में भाजपा ने शहरी क्षेत्रों की चारों सीटों पर निर्विरोध जीत दर्ज की। रुद्रपुर नगर निगम, दिनेशपुर नगर पंचायत, नगला नगर पंचायत और लालपुर नगर पंचायत से संबंधित सीटों पर भाजपा के राजेश जग्गा, विष्णु, नारायण मंडल और सुनील रोहेला निर्विरोध निर्वाचित हुए। चारों सदस्यों के निर्वाचन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।

 

नवनिर्वाचित सदस्यों का महापौर विकास शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिला महामंत्री तरुण दत्ता और अमित नारंग समेत पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत कर बधाई दी। इस दौरान महापौर ने विश्वास जताया कि चारों सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी जरूरतों को जिला योजना समिति के समक्ष प्रमुखता से उठाएंगे।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के विकासपरक विजन पर जनता का भरोसा कायम है। शहरी क्षेत्रों की चारों सीटों पर भाजपा सदस्यों का निर्विरोध चुना जाना संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिला योजना समिति जिले के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में नवनिर्वाचित सदस्य अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं के प्रस्ताव रखकर जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में काम करेंगे।

 

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास करना भी जरूरी है। उम्मीद है कि चारों सदस्य रुद्रपुर नगर निगम सहित दिनेशपुर, नगला और लालपुर में विकास कार्यों को गति देने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

 

महापौर ने चारों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिला योजना समिति जिले की विकास योजनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण मंच है, लेकिन कांग्रेस की ओर से इन सीटों पर नामांकन तक नहीं किया गया। इससे विकास के मुद्दों को लेकर उसकी गंभीरता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को उठाने के बजाय नैरेटिव बनाने तक सीमित रह गई है, जबकि भाजपा विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।

 

महापौर ने इस उपलब्धि के लिए नवनिर्वाचित सदस्यों और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही ऐसी सफलताएं मिलती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि चारों सदस्य जनता की समस्याओं को संबंधित मंचों तक पहुंचाकर क्षेत्रीय विकास में योगदान देंगे।

 

इस दौरान दिनेशपुर के चेयरमैन कावल सिंह, नगला के चेयरमैन सचिन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोरा, जिला मीडिया संयोजक विजय तोमर, पार्षद पवन राणा, बीनू, विष्णु, सुशील चौहान, राजेश जग्गा, संदीप गुंबर समेत अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement