*पूर्व छात्र नेताओं की स्मृति में शहर में बनेगा स्मृति स्थलः महापौर* – *स्व. प्रकाश सिंह धामी की पुण्यतिथि पर महापौर विकास शर्मा ने की घोषणा* – *रक्तदान शिविर में 60 से अधिक युवाओं ने किया रक्तदान*

*पूर्व छात्र नेताओं की स्मृति में शहर में बनेगा स्मृति स्थलः महापौर*

 

– *स्व. प्रकाश सिंह धामी की पुण्यतिथि पर महापौर विकास शर्मा ने की घोषणा*

– *रक्तदान शिविर में 60 से अधिक युवाओं ने किया रक्तदान*

 

रुद्रपुर। पूर्व पार्षद एवं युवा नेता स्व. प्रकाश सिंह धामी की पुण्यतिथि पर सोमवार को श्रद्धांजलि सभा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। छात्र नेता लखवीर सिंह लक्खा, परवीन यादव और उनकी टीम की ओर से आयोजित शिविर का शुभारंभ महापौर विकास शर्मा ने किया। इस दौरान महापौर ने स्व. धामी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शिविर में 60 से अधिक युवाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

 

महापौर विकास शर्मा ने रक्तदान करने वाले युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। जरूरत के समय रक्त की एक यूनिट किसी मरीज के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। थैलेसीमिया जैसी बीमारियों से पीड़ित मरीजों के साथ ही दुर्घटनाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में भी रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में युवाओं का आगे आकर रक्तदान करना सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि स्व. प्रकाश सिंह धामी की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर आयोजित करना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।

 

दिवंगत छात्र नेताओं के योगदान को किया याद

 

महापौर ने अपने छात्र जीवन के दिनों को याद करते हुए कहा कि स्व. प्रकाश सिंह धामी, स्व. जगदीश मदान, स्व. धन सिंह मेहरा, संधू और स्व. वीरेंद्र समंती सहित कई छात्र नेताओं ने विद्यार्थियों के हितों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं की समस्याओं को उठाने, उन्हें मार्गदर्शन देने और उनके अधिकारों की पैरवी करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके योगदान को आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है।

 

महापौर ने घोषणा की कि दिवंगत छात्र नेताओं की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए शहर में उनके नाम पर स्मृति स्थल विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्व. वीरेंद्र समंती के नाम पर श्मशान घाट और द्वार बनाने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। इसी क्रम में स्व. प्रकाश सिंह धामी, स्व. जगदीश मदान, स्व. धन सिंह मेहरा और संधू के नाम पर भी उपयुक्त स्थान विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इस संबंध में लखवीर सिंह लक्खा सहित पुराने छात्र नेताओं के सुझाव लिए जाएंगे और आपसी सहमति के आधार पर आगे की रूपरेखा तय की जाएगी।

 

छात्र नेताओं की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण

 

महापौर ने कहा कि डिग्री कॉलेज केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक नेतृत्व की पहली पाठशाला भी है। कॉलेज में प्रवेश, आवेदन पत्र भरने, फीस जमा करने, पहचान पत्र बनवाने और परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं में कई विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में छात्र नेता उनकी मदद करते हुए समस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभाते हैं।

 

उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में की गई सेवा और संघर्ष का प्रभाव लंबे समय तक बना रहता है। विचारधाराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन छात्र नेताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं का समाधान कराना होना चाहिए। पुराने छात्र नेताओं को याद करने का उद्देश्य नई पीढ़ी को भी सेवा, संघर्ष और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से प्रेरित करना है।

 

डिग्री कॉलेज को कैंपस बनाने की दिशा में पहल

 

महापौर विकास शर्मा ने रुद्रपुर डिग्री कॉलेज के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि महाविद्यालय को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कैंपस के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से घोषणा भी कराई गई थी। इसके अलावा कुमाऊं विश्वविद्यालय का काउंटर रुद्रपुर में खुलवाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय से जुड़े कार्यों के लिए बार-बार नैनीताल न जाना पड़े।

 

उन्होंने बताया कि इस विषय पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति से भी बातचीत हुई है। जल्द ही उनके साथ बैठक कर महाविद्यालय के विकास, विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और विश्वविद्यालय से संबंधित कार्यों को स्थानीय स्तर पर आसान बनाने पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

इस अवसर पर छात्र नेता लखवीर सिंह लक्खा, परवीन यादव, अमित नारंग, ग्राम प्रधान आशीष यादव, अभिषेक सिंह, चमन खान, गौरव खुराना, सौरव शर्मा, गौरव जुयाल, चिराग कालरा, विशाल धामी, फैजल खान, आकाश यादव, मनजीत कर्मकार, मोहित सोनकर, रवि चौहान, रजत बिष्ट, अक्षित छाबड़ा, आवेश पाल, शुभम अग्रवाल, हर्ष गिल, सरफराज खान, संजय दास, उदित यादव, अंकित गिरी, कमल कांत, वीर सिंह यादव, अंजन आर्य और रोहित पाठक सहित अन्य युवा मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement