आदर्श डिग्री कॉलेज में व्यावसायिक व तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग
किच्छा। पूर्व दर्जा राज्यमंत्री एवं कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डॉ. गणेश उपाध्याय ने राजकीय आदर्श डिग्री कॉलेज पहुंचकर छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के भविष्य और महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. उपाध्याय ने उच्च शिक्षा सचिव डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम से फोन पर वार्ता कर महाविद्यालय की समस्याओं एवं विद्यार्थियों की आवश्यकताओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में व्यावसायिक एवं तकनीकी कौशल आधारित पाठ्यक्रमों की कक्षाएं जल्द शुरू की जानी चाहिए। इसके साथ ही स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाएं शुरू करने की भी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि किच्छा में सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र स्थापित होने के बाद व्यावसायिक और तकनीकी कौशल से दक्ष युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। ऐसे पाठ्यक्रमों के संचालन से स्थानीय युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा मिलेगी और उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले प्रदेश में पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी प्रदेश की दिशा और दशा बदलने के लिए पूरी तन्मयता से तैयारी कर रही है। ऐसे में आदर्श महाविद्यालय किच्छा में रोजगारपरक, व्यावसायिक एवं तकनीकी कौशल आधारित पाठ्यक्रम जल्द शुरू किया जाना आवश्यक है। उच्च शिक्षा सचिव ने उनकी मांगों पर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।


