*जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ रुद्रपुर, विधायक शिव अरोड़ा ने विभिन्न आयोजनों में की सहभागिता*
*जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ रुद्रपुर, विधायक शिव अरोड़ा ने विभिन्न आयोजनों में की सहभागिता*
रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर रुद्रपुर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। शहर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा ने सहभागिता की और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
विधायक शिव अरोड़ा ने 31वीं और 46वीं पीएसी वाहिनी में आयोजित जन्माष्टमी समारोहों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की। 31वीं पीएसी वाहिनी में आयोजित रंगारंग कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण-राधा की मनमोहक प्रस्तुतियों और धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। विधायक ने कलाकारों और आयोजकों का उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में एसएसपी अजय गणपति के साथ सहभागिता की। यहां भगवान श्रीकृष्ण की आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। जय श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
विधायक ने मुख्य बाजार स्थित दुर्गा मंदिर और खेड़ा स्थित संतोषी माता मंदिर में आयोजित कार्यक्रमों में भी पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की। उन्होंने श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इस्कॉन के आयोजन में उठाई भगवान की पालकी
सिटी क्लब में इस्कॉन की ओर से आयोजित भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में विधायक शिव अरोड़ा विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धा के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पालकी अपने सिर पर धारण की। इसके बाद विशाल दीपमाला के साथ आरती में भी सहभागिता की। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मेट्रोपोलिस क्लब में मेट्रोपोलिस समिति की ओर से आयोजित जन्माष्टमी समारोह में भी विधायक ने सहभागिता की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर आयोजकों को सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। वहीं, एलाइंस कॉलोनी में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में उन्होंने केक काटकर श्रद्धालुओं के साथ कान्हा का जन्मोत्सव मनाया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानवता को धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में दिए गए कर्म, सत्य और धर्म के संदेश आज भी पूरी मानवता का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना का पर्व है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से रुद्रपुर विधानसभा सहित पूरे क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
शहर के विभिन्न आयोजनों में भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां, भजन-कीर्तन, आरती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति और उल्लास में डूबे रहे।


