रमपुरा का कन्हैया बने तेजस कोली, चांदी का मुकुट पहनाकर किया सम्मानित
*तेजस कोली बने ‘रमपुरा के कन्हैया’, मीना शर्मा ने चांदी का मुकुट पहनाकर किया सम्मानित*
रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रमपुरा स्थित चुन्नी लाल कोली परमानंद आश्रम में ‘रमपुरा का कन्हैया’ प्रतियोगिता का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक बच्चों ने श्रीकृष्ण के स्वरूप में प्रतिभाग कर अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर तेजस कोली को रमपुरा का कन्हैया घोषित किया गया।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक शिव अरोड़ा एवं कार्यक्रम संयोजिका पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने तेजस कोली को चांदी का मुकुट पहनाकर तथा गुलाब के फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया। बैंड-बाजे और आतिशबाजी के बीच रमपुरा के कन्हैया ने केक काटकर जन्माष्टमी की खुशियां मनाईं। विधायक शिव अरोड़ा ने प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व विधायक शिव अरोड़ा, मीना शर्मा और मंदिर कमेटी अध्यक्ष भगवान स्वरूप कोली ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘श्री बांके बिहारी लाल की जय’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
बाहर से आए कलाकारों ने श्रीकृष्ण और राधा की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में पूनम गुप्ता, श्वेता शर्मा और सरोज रानी शामिल रहीं। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता अनिल शर्मा ने किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता चंद्रसेन कोली, संजीव रस्तोगी, राज कोली, कोमिल राम, यादो देवी, बिटोला देवी, सरस्वती देवी, राजू कोली, भूरी देवी, तान्या शर्मा, वीरवती शर्मा, ममता, कुत्तेश, चंचल, सुशील शर्मा, अरविंद सक्सेना, प्रियंका, गौरी, पप्पू कोली सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।


