*श्रीकृष्ण कथा में पहुंचे विधायक शिव अरोरा, सिर पर उठाई भगवान की पालकी*
रुद्रपुर। श्री अग्रवाल धर्मसभा की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कृष्ण कथा में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने पहुंचकर कथा श्रवण किया और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने अपने सिर पर भगवान श्रीकृष्ण की पालकी उठाकर पालकी यात्रा में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।
कथा के दौरान व्यास पीठ पर विराजमान पंडित जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मिणी के विवाह प्रसंग का वर्णन किया। उन्होंने श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह से जुड़ी लीलाओं का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने माता रुक्मिणी की भक्ति और प्रेम को स्वीकार किया। कथा प्रसंग के दौरान श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में लीन नजर आए और पंडाल भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि श्रीमद्कृष्ण कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि व्यक्ति को धर्म, भक्ति और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, प्रेम और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना बढ़ने के साथ सनातन संस्कृति के प्रति आस्था भी मजबूत होती है।
इस अवसर पर व्यास पीठ से पंडित जी महाराज ने विधायक शिव अरोरा को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। विधायक ने आयोजन के लिए श्री अग्रवाल धर्मसभा और आयोजन समिति का आभार जताया।
कार्यक्रम में अर्जुन गुप्ता, अमित जैन लोहिया, रणबीर गुप्ता, ताराचंद अग्रवाल, राजेंद्र गुप्ता, मनोज मित्तल, अशोक मित्तल, अंकित अग्रवाल, दीपक मित्तल, आयुष गर्ग, सुभाष जैन, नितेश गुप्ता, नरेंद्र बंसल, उषा अग्रवाल, शालिनी अग्रवाल, सपना मित्तल, अनुराधा जैन लोहिया, प्रिया गर्ग, उषा श्यामपुरिया सहित श्री अग्रवाल धर्मसभा के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
