*शुद्धिकरण प्रकरण पर कांग्रेस फैला रही भ्रामक नैरेटिव : रामपाल सिंह* *दर्जा मंत्री बोले- दलित समाज के सम्मान के नाम पर राजनीति कर रही कांग्रेस*

*शुद्धिकरण प्रकरण पर कांग्रेस फैला रही भ्रामक नैरेटिव : रामपाल सिंह*

*दर्जा मंत्री बोले- दलित समाज के सम्मान के नाम पर राजनीति कर रही कांग्रेस*

रुद्रपुर। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद सामने आए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दर्जा मंत्री एवं पूर्व मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि पूरे प्रकरण से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस तथ्यों को तोड़-मरोड़कर दलित समाज के बीच भ्रामक नैरेटिव खड़ा कर रही है।

रामपाल सिंह ने कहा कि हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल हुए थे। इनमें दलित समाज के लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। कार्यक्रम के बाद हुई किसी गतिविधि को सीधे दलित समाज के अपमान से जोड़ना कांग्रेस की राजनीतिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या संस्था के कृत्य को भाजपा से जोड़कर राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस दलित समाज की भावनाओं को राजनीतिक मुद्दा बनाकर लाभ लेने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस के शासनकाल में दलित समाज को लंबे समय तक उसके अधिकारों और सम्मान से वंचित रखा गया। अब कांग्रेस स्वयं को दलित समाज का सबसे बड़ा हितैषी साबित करने में जुटी है।

दर्जा मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकारों ने दलित, वंचित और कमजोर वर्गों को वोट बैंक के रूप में नहीं, बल्कि विकास की मुख्यधारा का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से काम किया है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

रामपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर काम कर रही है। सरकारी योजनाओं का लाभ जाति, धर्म या वर्ग के आधार पर नहीं, बल्कि पात्रता के आधार पर दिया जा रहा है।

उन्होंने कांग्रेस से संवेदनशील सामाजिक मुद्दों पर राजनीति करने से बचने की अपील करते हुए कहा कि समाज को बांटने के बजाय सभी वर्गों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए सकारात्मक भूमिका निभाई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास और जनहित के मुद्दों पर भाजपा का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस के पास ठोस मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह ऐसे मामलों को राजनीतिक रंग देकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।

प्रेस वार्ता में अंकित हडाले, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश कोहली, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, मीडिया संयोजक विजय तोमर, मंडल प्रभारी नीटू यादव समेत भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।