*नेपाल में भीषण बाढ़ से 903 लोगों की मौत, तीन हजार से अधिक लापता*
*बचाव अभियान जारी, 886 लोगों को सुरक्षित निकाला गया; 598 भारतीय चीन से नेपाल पहुंचे*
काठमांडू। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और आपदा से मरने वालों की संख्या 900 के पार पहुंच गई है। अब तक 903 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि तीन हजार से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और बचाव दल मलबे तथा प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
नेपाल सरकार ने कहा है कि उसकी प्राथमिकता प्रभावित लोगों की जान बचाना, लापता लोगों का पता लगाना तथा सुरंगों और अन्य दुर्गम क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार अब तक 886 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है।
अधिकारियों के मुताबिक लापता लोगों में करीब 400 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। वहीं, आधा दर्जन जलविद्युत परियोजनाओं में करीब 933 कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
फिर बढ़ा भोटेकोशी नदी का जलस्तर
इस बीच भोटेकोशी नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने के बाद स्थानीय लोगों को मोबाइल फोन के माध्यम से नए बाढ़ अलर्ट भेजे गए हैं। चीन के अधिकारियों ने नेपाल के संबंधित विभागों को नदी के ऊपरी क्षेत्रों में पानी का बहाव बढ़ने की जानकारी दी है। इसके बाद प्रशासन ने नुवाकोट और रसुवा जिलों में अचानक बाढ़ का उच्च खतरा जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
598 भारतीय सुरक्षित पहुंचे नेपाल
आपदा के बीच पिछले दो दिनों में 598 भारतीय नागरिक चीन से सुरक्षित रूप से नेपाल पहुंच गए हैं। चीन में स्थानीय सरकारी सूत्रों के अनुसार करीब 900 भारतीय नागरिक अभी भी चीन की ओर मौजूद हैं, हालांकि सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं और प्रशासन लगातार उनके संपर्क में है।











