*चलती स्लीपर बस में नाबालिग छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म, चालक-कंडक्टर गिरफ्तार*
*परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किमी चली बस, CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस*
नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में बस चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बस को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के एक गांव की रहने वाली और कक्षा 11 की छात्रा है। बताया गया कि वह घर पर पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर निकल गई थी और नोएडा सेक्टर-63 स्थित अपने चचेरे भाई के घर जाने का प्रयास कर रही थी।
रास्ते में तेज बारिश और अंधेरा होने के कारण छात्रा कथित तौर पर रास्ता भटक गई और ग्रेटर नोएडा के परी चौक पहुंच गई। वहां उसने एक स्लीपर बस को रुकवाकर नोएडा सेक्टर-63 जाने के बारे में जानकारी ली। आरोप है कि बस के कंडक्टर ने उसे बताया कि बस उस दिशा में जा रही है, जिसके बाद छात्रा बस में सवार हो गई।
बताया गया कि उस समय बस में छात्रा के अलावा कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था और बस में चालक तथा कंडक्टर ही थे। आरोप है कि बस चलने के बाद छात्रा के साथ गलत हरकत की गई और विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। छात्रा ने पुलिस को जान से मारने की धमकी दिए जाने की भी जानकारी दी है।
जानकारी के अनुसार बस परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर का सफर तय करती रही। बस की खिड़कियों पर गहरे पर्दे लगे होने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद लंबे सफर के दौरान बस की निगरानी और रास्ते में सुरक्षा जांच को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
आरोप है कि दिल्ली पहुंचने के बाद छात्रा को कश्मीरी गेट बस अड्डे के समीप रिंग रोड पर उतार दिया गया। इसके बाद वह कश्मीरी गेट थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही उसके बयान दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बस की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर क्षेत्र स्थित पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। बस को भी जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बस तकनीकी खराबी के चलते ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित एक वर्कशॉप में मरम्मत के लिए गई थी। मरम्मत के बाद चालक और कंडक्टर बस को उत्तरी दिल्ली स्थित तिमारपुर पार्किंग की ओर वापस ले जा रहे थे। इसी दौरान छात्रा के परी चौक से बस में सवार होने की बात सामने आई है।
घटना ने स्लीपर बसों में महिला और नाबालिग यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बसों में CCTV, GPS, पैनिक बटन और अन्य सुरक्षा उपायों की उपलब्धता तथा उनके प्रभावी संचालन की जांच भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।











