*वाल्मीकि समाज के पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं विधायक शिव अरोरा*
*जतिन वाल्मीकि के घर पहुंचकर जाना हालचाल, हरसंभव मदद और न्याय का दिलाया भरोसा*
रुद्रपुर। काशीपुर रोड फ्लाईओवर के पास दो दिन पूर्व वाल्मीकि समाज के दो युवकों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर समाज में आक्रोश बना हुआ है। मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वाल्मीकि समाज एवं पीड़ित परिवार के लोगों ने कोतवाली में धरना देकर कार्रवाई की मांग उठाई।
धरने की सूचना मिलने पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार एवं वाल्मीकि समाज के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक ने पुलिस अधिकारियों और सीओ सिटी से वार्ता करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार वाल्मीकि समाज और पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार की नीति स्पष्ट है कि किसी के साथ अन्याय न हो और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
धरने पर बैठे समाज के लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। समाज की ओर से पुलिस को ज्ञापन सौंपकर सोमवार दोपहर दो बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी का समय दिया गया। इस पर विधायक ने समाज के लोगों को भरोसा दिलाया कि वह स्वयं पूरे मामले पर नजर रखेंगे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर उनके साथ खड़े रहेंगे।
घायल जतिन के घर पहुंचे विधायक, जाना स्वास्थ्य का हाल
मारपीट की घटना में घायल जतिन वाल्मीकि के गौतम हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने के बाद विधायक शिव अरोरा उनके रमपुरा स्थित काली मंदिर के पास आवास पर पहुंचे। उन्होंने जतिन एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझे। न्याय की इस लड़ाई में वह पूरी तरह उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है और अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए।
शिव अरोरा ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







