*खोए 102 मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए, एसएसपी अजय गणपति ने सौंपे फोन*
एसओजी रुद्रपुर ने सर्विलांस और तकनीकी विश्लेषण से लाखों रुपये के एंड्रॉयड व आईफोन किए बरामद, मोबाइल मिलने पर लोगों ने जताया पुलिस का आभार।
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाते हुए लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) रुद्रपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लाखों रुपये मूल्य के 102 एंड्रॉयड और आईफोन बरामद किए गए। पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी अजय गणपति ने सभी मोबाइल उनके मालिकों को सुपुर्द किए।
पुलिस के अनुसार, किसी भी नागरिक के मोबाइल खोने की शिकायत मिलते ही तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया जाता है। एसओजी टीम तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक सर्विलांस की मदद से लगातार मोबाइलों की लोकेशन ट्रैक कर उन्हें बरामद करने का कार्य कर रही है। इसी अभियान के तहत देश के विभिन्न राज्यों और स्थानीय क्षेत्रों से कुल 102 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए गए।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर कई लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मोबाइल स्वामियों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन दोबारा मिल सकेगा। उन्होंने ऊधम सिंह नगर पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता और कार्यशैली की सराहना करते हुए एसएसपी अजय गणपति एवं एसओजी टीम का आभार व्यक्त किया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और खोई हुई संपत्ति को उसके वास्तविक स्वामी तक पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने पर तुरंत संबंधित थाने या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।







