चढ़ावा चोरी के विरोध में कांग्रेस का उपवास, निष्पक्ष जांच की मांग
रुद्रपुर। अयोध्या के राम मंदिर तथा उत्तराखंड के केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए उपवास रखा। यह कार्यक्रम उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में 84 घंटा शिव मंदिर, रमपुरा में आयोजित किया गया।
उपवास के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि धार्मिक स्थलों पर हुई कथित अनियमितताओं से श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंची है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि अयोध्या का राम मंदिर तथा केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे और सोने की कथित चोरी एवं अनियमितताओं के मामले गंभीर हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि मामले की स्वतंत्र जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसका जवाब जनता समय आने पर देगी।
इस अवसर पर सियाराम कोली, आशीष श्रीवास्तव, दिनेश कोली, कुंवरपाल कोली, जमुना प्रसाद, रामसेवक, देव कोली, सेवाराम, दयाराम, सोमपाल, राजू कोली, शिवनारायण, गब्बर सिंह, वरुण पाल, रामप्रकाश, अर्जुन, हरीश कुमार, मुकेश, राकेश, सूरज, रामनारायण, केशव, सतीश, गोपाल, लक्ष्मी देवी, कमला देवी, शुभम, राहुल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











