ग्रीष्मकालीन धान की खेती पर लगी रोक खत्म, किसानों में खुशी
जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने फैसले को बताया सराहनीय
ऊधम सिंह नगर में फैसले से खुशी की लहर, किसानों ने किया स्वागत
ऊधम सिंह नगर।
प्रदेश के किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्रीष्मकालीन धान की खेती पर लगी रोक को समाप्त करने की घोषणा की है। इस फैसले से विशेष रूप से तराई एवं दलदली भूमि वाले क्षेत्रों के किसानों को बड़ी राहत मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में वर्षों से ग्रीष्मकालीन धान की खेती की परंपरा रही है। इन क्षेत्रों की भूमि दलदली होने के कारण अन्य फसलों का उत्पादन संभव नहीं हो पाता, ऐसे में किसानों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब ग्रीष्मकालीन धान की खेती पर किसी प्रकार की रोक नहीं रहेगी।
इस निर्णय का स्वागत करते हुए जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें किसानों का सच्चा हितैषी बताया। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने भी फैसले को सराहनीय बताते हुए धन्यवाद प्रकट किया।
- किसानों के हित में लिए गए इस निर्णय से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय किसानों ने इसे उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है।







